Jhajha Sardar Patel Statue: झाझा (जमुई). बसस्टैंड-खलासी मोहल्ला मुख्य पथ स्थित बोड़बा बस स्टैंड के समीप भारत रत्न लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की आदमकद प्रतिमा का भव्य अनावरण आगामी 16 अगस्त को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी करेंगे. कार्यक्रम को लेकर स्थानीय स्तर पर उत्साह है. समारोह में बिहार सरकार के कई मंत्री, विधायक, जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य लोगों के शामिल होने की संभावना जताई गयी है.
जिला परिषद की भूमि पर स्थापित की गई प्रतिमा
जिला परिषद प्रतिनिधि राकेश कुमार सिंह ने बताया कि सरदार पटेल की आदमकद प्रतिमा जिला परिषद प्रशासन द्वारा आवंटित भूमि पर स्थापित की गई है. प्रतिमा स्थल के विकास और सौंदर्यीकरण का कार्य भी जिला परिषद की राशि से कराया गया है. उन्होंने कहा कि इस ऐतिहासिक स्थल को व्यवस्थित स्वरूप देने में जिला परिषद प्रशासन की महत्वपूर्ण भूमिका रही है.
छह माह पहले ही स्थापित हो चुकी थी प्रतिमा
राकेश कुमार सिंह के अनुसार प्रतिमा करीब छह माह पहले ही स्थापित की जा चुकी थी. अब इसके भव्य अनावरण की तैयारी की जा रही है. प्रतिमा की स्थापना की व्यवस्था जदयू के वरिष्ठ नेता शैलेंद्र रावत और जिला परिषद सदस्य दीपिका कुमारी के संयुक्त प्रयास, सहयोग और पहल से की गई है.
परिवहन मंत्री दामोदर रावत का रहा विशेष सहयोग
उन्होंने बताया कि प्रतिमा के अनावरण कार्यक्रम को सफल बनाने में स्थानीय विधायक सह बिहार सरकार के परिवहन मंत्री दामोदर रावत का विशेष सहयोग और महत्वपूर्ण प्रयास रहा है. राकेश कुमार सिंह ने बताया कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने उपमुख्यमंत्री रहते हुए भी झाझा आकर इस प्रतिमा का अनावरण करने की इच्छा व्यक्त की थी.
कई मंत्री और जनप्रतिनिधि होंगे शामिल
इस भव्य समारोह में बिहार सरकार के कई मंत्री, विधायक, जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य लोगों की उपस्थिति की संभावना है. कार्यक्रम को लेकर झाझा सहित पूरे जिले के लोगों में उत्साह का माहौल है.
सरदार पटेल के योगदान को समर्पित होगा आयोजन
Jhajha Sardar Patel Statue: जिला परिषद प्रतिनिधि राकेश कुमार सिंह ने कहा कि यह केवल प्रतिमा का अनावरण नहीं, बल्कि देश की एकता और अखंडता के महान शिल्पकार सरदार वल्लभभाई पटेल के विचारों और राष्ट्र निर्माण में उनके अतुलनीय योगदान के प्रति सम्मान है. उन्होंने कहा कि झाझा में सरदार पटेल की प्रतिमा स्थापित होना गौरव का विषय है. यह प्रतिमा आने वाली पीढ़ियों को सरदार पटेल के आदर्शों, राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रीय एकता की भावना से प्रेरित करती रहेगी.उन्होंने प्रतिमा के लिए भूमि आवंटन, स्थल के विकास और सौंदर्यीकरण में सहयोग देने के लिए उप विकास आयुक्त-सह-मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी, जिला परिषद, जमुई, जिला परिषद प्रशासन एवं संबंधित पदाधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त किया.
