मलयपुर में मिले मुगलकालीन शाही फरमान, डिजिटल संरक्षण शुरू

जिले की ऐतिहासिक पहचान को नई दिशा देने वाली एक बड़ी उपलब्धि सामने आयी है.

जमुई. जिले की ऐतिहासिक पहचान को नई दिशा देने वाली एक बड़ी उपलब्धि सामने आयी है. जिला पदाधिकारी श्री नवीन के मार्गदर्शन में चल रहे ज्ञान भारत मिशनम अभियान के तहत दुर्लभ हस्तलिखित पांडुलिपियों के सर्वेक्षण में मलयपुर निवासी कृष्णकांत मिश्र के निजी संग्रह से मुगलकालीन शाही फरमान प्राप्त हुए हैं. ये दस्तावेज शाहजहां और शाह आलम द्वितीय के शासनकाल से जुड़े बताये जा रहे हैं, जो फारसी लिपि में लिखे गये हैं. जानकारी देते हुए डीपीआरओ डा मेनका कुमारी ने बताया कि जिला पांडुलिपि सर्वेक्षण समिति ने इन ऐतिहासिक दस्तावेजों का डिजिटल संरक्षण (अपलोडिंग) कर लिया है. हालांकि इनका विस्तृत अनुवाद अभी विशेषज्ञों द्वारा किया जाना शेष है.

पीढ़ियों से सहेजी गयी विरासत

संरक्षणकर्ता कृष्णकांत मिश्र ने बताया कि ये फरमान उनके परिवार में पीढ़ियों से सुरक्षित रखे गये हैं. उन्होंने बताया कि उनके पूर्वजों का संबंध बनारस की प्रसिद्ध ‘कंगन की हवेली’ से रहा है, जिसे राजा मानसिंह प्रथम द्वारा उनके परिवार को उपहार स्वरूप दिया गया था. उसी कालखंड में मुगल शासकों से ये शाही फरमान उनके पूर्वजों को प्राप्त हुए.

जमुई की नई पहचान बनाने की पहल

जिला पदाधिकारी ने इस उपलब्धि पर खुशी जताते हुए कहा कि अब समय आ गया है कि जमुई को नक्सलवाद की संकीर्ण छवि से बाहर निकालकर उसकी सांस्कृतिक और बौद्धिक विरासत के रूप में पहचान दिलाई जाये. उन्होंने कहा कि ज्ञान भारत मिशनम का उद्देश्य गांव-गांव में छिपी ऐसी ऐतिहासिक धरोहरों को सामने लाना है. उन्होंने इसे केवल दस्तावेजों का संग्रह नहीं, बल्कि जमुई के स्वाभिमान को पुनर्जीवित करने का अभियान बताया. जिला प्रशासन ने मीडिया व आम नागरिकों से इस अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील की है. डीएम ने कहा कि जिन परिवारों के पास किसी भी प्रकार की प्राचीन पांडुलिपि, शिलालेख या ऐतिहासिक दस्तावेज सुरक्षित हैं, वे आगे आकर साझा करें. प्रशासन इन धरोहरों को अपने पास नहीं रखेगा, बल्कि डिजिटल रूप में संरक्षित कर उन्हें वैश्विक मंच पर पहचान दिलाने का कार्य करेगा.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By PANKAJ KUMAR SINGH

PANKAJ KUMAR SINGH is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >