जनशिकायत समाधान दिवस के प्रति दिखी प्रशासनिक उदासीनता

खुरंडा, कनौदी एवं टेलवा पंचायत में जनशिकायत निवारण को लेकर कैंप लगा

सिमुलतला. बिहार सरकार के सात निश्चय-3 कार्यक्रम के तहत प्रशासनिक व्यवस्था को अधिक सुदृढ़, संवेदनशील और जवाबदेह बनाने के उद्देश्य से “सबका सम्मान-जीवन आसान” पहल लागू की गयी है. इसके तहत राज्य सरकार के निर्देशानुसार सभी सरकारी कार्यालयों में प्रत्येक सोमवार और शुक्रवार को जनशिकायत समाधान दिवस आयोजित कर आम लोगों की समस्याओं का समयबद्ध निष्पादन किया जाना है. इसी क्रम में खुरंडा, कनौदी एवं टेलवा पंचायत में जनशिकायत निवारण को लेकर कैंप लगा. कैंप में ग्रामीणों ने अपनी-अपनी समस्याएं संबंधित पदाधिकारियों के समक्ष रखीं. खुरंडा पंचायत भवन में भूमि सर्वे कर्मियों ने किसान आइडी बनाया. इससे किसानों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ लेने में सुविधा होगी. वहीं कनौदी पंचायत सरकार भवन में कृषि सलाहकार, राजस्व कर्मचारी व सर्वे अमीन की उपस्थिति में केवल किसान आइडी बनाने का कार्य किया गया. हालांकि अन्य विभागों के पदाधिकारियों की अनुपस्थिति के कारण कई ग्रामीणों की समस्याओं का समाधान नहीं हो सका. इससे ग्रामीणों में नाराजगी देखी गयी. लोगों का कहना था कि जनशिकायत समाधान दिवस का उद्देश्य तभी पूरा होगा, जब सभी संबंधित विभागों के अधिकारी पंचायत स्तर पर मौजूद रहेंगे. इधर, सिमुलतला थाना में जनशिकायत समाधान को लेकर कोई कैंप आयोजित नहीं हुआ. इससे स्थानीय लोगों को अपनी समस्याएं दर्ज कराने में काफी परेशानी हुई. ग्रामीणों ने प्रशासन से जनशिकायत समाधान दिवस को प्रभावी ढंग से लागू करने की मांग की है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By PANKAJ KUMAR SINGH

PANKAJ KUMAR SINGH is a contributor at Prabhat Khabar.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >