जमुई. समाहरणालय स्थित सभा कक्ष में शनिवार को माननीय सांसद-सह-अध्यक्ष जिला स्तरीय समन्वय व अनुश्रवण समिति (दिशा) अरुण भारती की अध्यक्षता में विभिन्न केंद्रीय योजनाओं की प्रगति को लेकर विभागवार समीक्षा बैठक आयोजित की गयी. बैठक में पिछली बैठक के अनुपालन प्रतिवेदन की समीक्षा की गयी, जिस पर सदस्यों ने संतोष व्यक्त किया. बैठक के दौरान जनप्रतिनिधियों ने अपने-अपने क्षेत्रों से जुड़ी समस्याओं को गंभीरता से रखा और जिले के समग्र विकास को लेकर सुझाव दिये. अध्यक्ष महोदय ने ग्रामीण कार्य विभाग, लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण, सिंचाई व लघु सिंचाई, विद्युत, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि व उद्यान, मनरेगा, प्रधानमंत्री आवास योजना, स्वच्छता, नल-जल, कल्याण, नगर परिषद, राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा, सामाजिक सुरक्षा, बाल विकास परियोजना, जीविका, पंचायती राज, आपूर्ति, प्रधानमंत्री उज्ज्वला, सहकारिता, पशुपालन एवं गव्य विकास विभाग सहित अन्य विभागों की योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की. माननीय सांसद ने सुदूर क्षेत्रों, विशेषकर चकाई में जॉब फेयर आयोजित करने का निर्देश दिया, ताकि अधिक से अधिक युवाओं को रोजगार के अवसर मिल सकें. इस पर डीपीएम जीविका ने बताया कि जीविका जमुई द्वारा अब तक 30 रोजगार सह मार्गदर्शन मेला का आयोजन किया गया है, इसमें 935 एवं 937 युवक-युवतियों ने पंजीयन कराया है. वहीं झाझा के विधायक श्री दामोदर रावत ने कहा कि राज्य और केंद्र सरकार की योजनाओं को तेजी से धरातल पर उतारकर ही जिले के विकास को गति दी जा सकती है. बैठक में डीएम श्री नवीन, डीडीसी सुभाष चंद्र मंडल, अपर समाहर्ता रविकांत सिन्हा, जिला पंचायत राज पदाधिकारी वीरेंद्र कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी सौरव कुमार, डीसीएलआर सुजीत कुमार सहित अन्य पदाधिकारी व जनप्रतिनिधि उपस्थित थे.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
