बूंद-बूंद पानी को तरस रहे सिमरिया महादलित टोला के लोग, भीषण गर्मी में बढ़ी परेशानी
Water Crisis Ground Report: सरकार भले ही हर घर तक शुद्ध पेयजल पहुंचाने का दावा कर रही हो, लेकिन जमुई जिले के गिद्धौर प्रखंड अंतर्गत कोल्हुआ पंचायत के सिमरिया महादलित टोला की तस्वीर इन दावों से बिल्कुल अलग नजर आ रही है. वार्ड संख्या 10 में रहने वाले महादलित परिवार भीषण गर्मी में पानी की गंभीर समस्या से जूझ रहे हैं. हालत यह है कि लोगों को पीने के पानी के लिए भी भटकना पड़ रहा है.
जमुई से पंकज सिंह की रिपोर्ट
Jamui News : गिद्धौर प्रखंड क्षेत्र के सिमरिया वार्ड 10 स्थित महादलित टोला में इन दिनों पेयजल संकट गहराता जा रहा है. भीषण गर्मी के बीच ग्रामीणों को शुद्ध पानी नहीं मिल पा रहा है. ग्रामीणों का आरोप है कि सरकार की महत्वाकांक्षी हर घर नल-जल योजना यहां पूरी तरह निष्प्रभावी साबित हो रही है.
बंद पड़े चापाकलों ने बढ़ाई परेशानी
ग्रामीणों ने बताया कि टोला में लगे कई चापाकल लंबे समय से खराब पड़े हैं. समुदायिक भवन, चबूतरा, बानो मांझी के घर के पास, रीतलाल मांझी के घर के पीछे और कारू मांझी के घर के सामने लगे चापाकलों ने पानी देना बंद कर दिया है.लोगों का कहना है कि पीएचईडी विभाग द्वारा पूर्व में लगाए गए चापाकल भी अब मृतप्राय हो चुके हैं, लेकिन उनकी मरम्मत की दिशा में कोई पहल नहीं की गयी.
महादलित परिवारों ने किया प्रदर्शन
पेयजल संकट से परेशान ग्रामीणों ने प्रदर्शन कर प्रशासन और विभाग के खिलाफ नाराजगी जतायी. प्रदर्शन कर रहे मखरू मांझी, गिनौदी मांझी, गणेश मांझी, कारू मांझी, गोलू मांझी, बानो मांझी, भोजल मांझी, सोनी देवी, अमित रजक, लालू यादव और राम खेलावन रजक सहित अन्य ग्रामीणों ने कहा कि उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ नहीं मिल रहा है.ग्रामीणों का आरोप है कि कई बार पंचायत प्रतिनिधियों और संबंधित अधिकारियों से शिकायत की गयी, लेकिन अब तक समस्या जस की तस बनी हुई है.
गर्मी में पानी के लिए बढ़ी मजबूरी
भीषण गर्मी और तेज धूप के बीच लोगों की परेशानी और बढ़ गयी है. महादलित टोला के लोगों को पीने और घरेलू उपयोग के लिए दूर-दूर से पानी लाना पड़ रहा है. बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को सबसे ज्यादा दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है.
पीएचईडी विभाग ने दिया आश्वासन
इस मामले में पीएचईडी विभाग की कनीय अभियंता वर्षा रानी ने कहा कि उन्हें पहले इसकी जानकारी नहीं थी. अब मामला संज्ञान में आया है और जल्द ही खराब चापाकलों को दुरुस्त कर महादलित टोला में पेयजल व्यवस्था बहाल की जाएगी.ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द स्थायी समाधान किया जाए ताकि गर्मी के इस मौसम में लोगों को पानी के लिए परेशान न होना पड़े.