बरहट. प्रखंड की शिक्षा व्यवस्था पर एक बार फिर सवाल खड़े हो गये हैं. जिस उत्क्रमित उच्च विद्यालय गढ़वा कटौना का बीते सप्ताह बिहार सरकार की खेल व सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री श्रेयसी सिंह ने उद्घाटन किया था. वही स्कूल अब विवादों में घिर गया है. शनिवार को इसी विद्यालय से 11वीं पास दर्जन भर छात्रों ने 12वीं में नामांकन नहीं लेने का आरोप लगाते हुए प्रधान शिक्षक के खिलाफ मोर्चा खोल दिया. छात्रों ने अपनी शिकायत पंचायत के मुखिया कपिलदेव प्रसाद से की. शिकायत मिलते ही मुखिया विद्यालय पहुंचे. जहां छात्रों ने बताया कि वे पिछले दो-तीन दिनों से नामांकन के लिए लगातार स्कूल आ रहे हैं, लेकिन प्रधान शिक्षक अलग-अलग शर्तें बताकर टाल रहे हैं. छात्रों का आरोप है कि कभी यूनिफॉर्म में आने, कभी माता-पिता को साथ लाने, तो कभी ब्लड ग्रुप रिपोर्ट और आवेदन पत्र देने की बात कही जा रही थी, इस कारण उनका नामांकन अटक गया. छात्रों ने यह भी कहा कि वे नियमित रूप से स्कूल आने वाले विद्यार्थी हैं और उनकी उपस्थिति 75 प्रतिशत से अधिक है. इसके बावजूद नामांकन नहीं हो पा रहा था. मामले को गंभीर मानते हुए मुखिया कपिल देव प्रसाद ने प्रधान शिक्षक से बातचीत कर छात्रों का नामांकन लेने की अपील की. वहीं प्रधान शिक्षक शंभू कुमार चौधरी ने सफाई देते हुए कहा कि नामांकन सत्र चल रहा है और छात्रों को स्कूल ड्रेस में आने के लिए जागरूक किया जा रहा था. इसे लेकर कुछ बच्चे नाराज हो गये. उन्होंने बताया कि अब सभी छात्रों का नामांकन कर लिया गया है.
मंत्री के हाथों उद्घाटन वाला स्कूल घिरा विवाद में, नामांकन नहीं होने पर छात्रों का हंगामा
प्रखंड की शिक्षा व्यवस्था पर एक बार फिर सवाल खड़े हो गये हैं. जिस उत्क्रमित उच्च विद्यालय गढ़वा कटौना का बीते सप्ताह बिहार सरकार की खेल व सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री श्रेयसी सिंह ने उद्घाटन किया था.
