झाझा (जमुई). शहर स्थित श्रीश्री 108 मां वैष्णवी दुर्गा मंदिर समिति द्वारा श्रीकृष्ण जन्मोत्सव के मौके पर मटकी फोड़ कार्यक्रम का आयोजन किया गया. जिसका उद्घाटन नगर परिषद अध्यक्ष संजय यादव, उपाध्यक्ष विपिन कुमार,प्रखंड विकास पदाधिकारी सुनील कुमार चांद, कार्यक्रम संयोजक प्रभाष बंका ने संयुक्त रूप से फीता काटकर एवं नारियल फोड़ कर किया. कार्यक्रम संयोजक प्रभास बांका ने बताया कि प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी मंदिर परिसर में धूमधाम से जन्माष्टमी पर्व मनाया गया. उसके बाद मटकी फोड़ कार्यक्रम का आयोजन किया गया.
जिसमें श्रीश्री 108 मां वैष्णवी दुर्गा मंदिर, मालवा फिजिकल एकैडमी, झाझा 11, रजला, बरमसिया आदि टीम ने हिस्सा लिया. सभी टीम ने बेहतरीन प्रदर्शन किया. लेकिन रजला की टीम ने मटका फोड़कर विजय हासिल किया. विजेता टीम को 11 हजार रुपया नगद के अलावा प्रशस्ति पत्र व शील्ड दिया गया. इसके अलावा पराजित टीम को भी प्रशस्ति पत्र दिया गया.प्रभास बंका ने बताया कि इस तरह के कार्यक्रम के होने से न सिर्फ माहौल भक्तिमय बनता है, बल्कि सामाजिक समरसता में बढ़ोतरी होती है. कार्यक्रम को सफल बनाने में साधु केसरी, ध्रुव अग्रहरि, संतु गुप्ता, सूरज अग्रहरि, छोटू राम, सोनू यादव समेत कई लोगों का महत्वपूर्ण योगदान रहा. मौके पर दर्जनों लोग मौजूद थे.
