Jhajha Railway News: झाझा रेलवे स्टेशन पर गुरुवार को आरपीएफ और जीआरपी की सतर्कता से एक बेहोश रेल यात्री को समय पर अस्पताल पहुंचाया गया. कंट्रोल रूम से मिली सूचना के आधार पर गोंडा-आसनसोल एक्सप्रेस के एसी कोच बी-4 के शौचालय में बेहोशी की हालत में पड़े यात्री को झाझा स्टेशन पर उतारकर रेफरल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है.
रेलवे हेल्पलाइन पर मिली सूचना
रेल पुलिस के अनुसार डाउन दिशा में चल रही गोंडा-आसनसोल एक्सप्रेस के एसी कोच बी-4 से यात्रियों ने रेलवे हेल्पलाइन नंबर पर सूचना दी कि एक यात्री शौचालय में बेहोश होकर गिरा पड़ा है. सूचना मिलते ही झाझा स्टेशन पर आरपीएफ और जीआरपी की टीम सक्रिय हो गई.
स्टेशन पर उतारकर पहुंचाया अस्पताल
ट्रेन के झाझा स्टेशन पहुंचते ही आरपीएफ एवं जीआरपी के जवानों ने बेहोश यात्री को शौचालय से बाहर निकाला. रेलवे चिकित्सक द्वारा प्राथमिक जांच के बाद बेहतर उपचार के लिए उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (रेफरल अस्पताल) झाझा भेज दिया गया.
बलिया निवासी है यात्री
आरपीएफ पोस्ट कमांडर आर.आर. सहाय ने बताया कि यात्री के पास मिले पहचान पत्र के आधार पर उसकी पहचान उत्तर प्रदेश के बलिया निवासी वाल्मीकि शर्मा के रूप में हुई है. उनके परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है.
इलाज के लिए जा रहा था आसनसोल
Jhajha Railway News: प्रारंभिक जानकारी के अनुसार वाल्मीकि शर्मा अपने बेहतर इलाज के लिए बलिया से आसनसोल जा रहे थे. देर दोपहर तक वह बेहोशी की हालत में झाझा रेफरल अस्पताल में भर्ती थे, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उनका इलाज जारी था.
ALSO READ: सोनो पुलिस ने कुर्की वारंटी को किया गिरफ्तार, तीन फरार अभियुक्तों के घर चस्पाया इश्तेहार
