जमुई से अर्जुन अरनव की रिपोर्ट
Jamui Woman Injured:जमुई जिले में रिश्तों को शर्मसार करने वाली एक रोंगटे खड़े कर देने वाली वारदात सामने आई है. जिले के अलीगंज थाना क्षेत्र के घंटा बांध गांव में बुधवार की सुबह एक महिला पर उसके ही अपनों ने जानलेवा हमला कर दिया. जब पूरा गांव अपने रोजाना के कार्यों में व्यस्त था, तब पुरानी रंजिश और जमीन के एक टुकड़े के विवाद ने ऐसा तूल पकड़ा कि पड़ोस में रहने वाले भैसूर ने अपनी ही भावो (भी की पत्नी) पर ईंट-पत्थरों से हमला बोल दिया. इस हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई है, जिसे लहूलुहान हालत में सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
आंगन में काम कर रही महिला पर छत से भैसूर ने इट पत्थर से किया हमला
घटना के संबंध में बताया जाता है कि घंटा बांध गांव निवासी स्वर्गीय लालबिहारी यादव की पत्नी मनिता देवी बुधवार की सुबह अपने घर के आंगन में रोजमर्रा का काम कर रही थीं. मनिता को इस बात का जरा भी अंदाजा नहीं था कि उसकी छत के ऊपर मौत उसका इंतजार कर रही है. मनिता का अपने ही भैसूर गरीब यादव के साथ काफी समय से भूमि विवाद चल रहा था. इसी रंजिश को लेकर घात लगाए बैठे भैसूर गरीब यादव और उसके साथ आए अन्य लोगों ने अचानक छत से आंगन में काम कर रही मनिता पर भारी ईंट और पत्थरों से हमला करना शुरू कर दिया.
सिर पर लगी चोट,आरोपी हुए फरार
छत से अचानक हुए इस पथराव में मनिता देवी खुद को संभाल नहीं पाईं. ईंट सीधे उनके सिर पर जा लगी, जिससे उनका सिर फट गया और वे वहीं आंगन में खून से लथपथ होकर गिर पड़ीं. महिला की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग और परिजन तुरंत मौके पर दौड़े. ग्रामीणों को इकट्ठा होते देख हमलावर छत के रास्ते मौके से फरार हो गए. आनन-फानन में परिजनों ने इसकी सूचना पुलिस को दी और घायल महिला को संभालने की कोशिश में जुट गए.
112 की पुलिस बनी मददगार, सदर अस्पताल में चल रही है इलाज
वारदात की जानकारी मिलते ही आपातकालीन सेवा 112 नंबर की पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची. पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए अत्यधिक खून बह जाने के कारण तड़प रही मनिता देवी को तुरंत वाहन में बिठाया और इलाज के लिए जमुई के सदर अस्पताल में भर्ती कराया, जहाँ डॉक्टरों की देखरेख में उनका इलाज चल रहा है. अस्पताल के डॉक्टरों ने बताया कि महिला के सिर में गंभीर चोट आई है और टांके लगाए गए हैं. इधर, सदर अस्पताल पहुंची पुलिस ने घायल मनिता देवी के बयान के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी है.
