मुंबई से लौट रहा देवघर का किशोर झाझा के पास ट्रेन से गिरा, इलाज के दौरान हुई मौत

Jamui Train Accident: परिजनों ने बताया कि इबरार मुंबई में रहकर मजदूरी करता था और मुंबई मेल से अपने घर लौट रहा था. उसे मधुपुर स्टेशन पर उतरना था. इसी दौरान झाझा के समीप किसी कारणवश वह चलती ट्रेन से नीचे गिर गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया.

जमुई से अर्जुन अरनव की रिपोर्ट:

Jamui Train Accident: मुंबई से अपने घर लौट रहे 17 वर्षीय किशोर की ट्रेन से गिरने के कारण मौत हो गई. मृतक की पहचान झारखंड के देवघर जिले के बुड़ई थाना क्षेत्र अंतर्गत जगदीशपुर गांव निवासी मो. मकसूद अंसारी के पुत्र इबरार आलम (17) के रूप में हुई है.

परिजनों ने बताया कि इबरार मुंबई में रहता था और मुंबई मेल से अपने घर लौट रहा था. उसे मधुपुर स्टेशन पर उतरना था. इसी दौरान झाझा के समीप किसी कारणवश वह चलती ट्रेन से नीचे गिर गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया.

रात तक हुई थी परिजनों से बातचीत

परिजनों के अनुसार घटना वाली रात तक उनकी इबरार से मोबाइल फोन पर बातचीत हुई थी. इसके बाद उसका मोबाइल बंद आने लगा. सुबह जब परिजनों ने दोबारा संपर्क करने का प्रयास किया तो स्थानीय लोगों के माध्यम से जानकारी मिली कि झाझा के पास रेलवे ट्रैक किनारे एक युवक घायल अवस्था में पड़ा हुआ है.

पुलिस ने अस्पताल पहुंचाया

घटना की सूचना स्थानीय लोगों ने 112 नंबर पुलिस को दी. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को इलाज के लिए झाझा रेफरल अस्पताल पहुंचाया. वहां चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल रेफर कर दिया.

सदर अस्पताल में हुई मौत की पुष्टि

सदर अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद इबरार को मृत घोषित कर दिया. युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया. परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है.

परिवार का सहारा था इबरार

बताया जाता है कि इबरार कम उम्र में ही परिवार के भरण-पोषण में सहयोग करने के लिए मुंबई जाकर मजदूरी करता था. उसकी असामयिक मौत से पूरे गांव में शोक का माहौल है.

तीन बैग गायब होने का दावा

परिजनों का कहना है कि इबरार के पास मौजूद तीन बैग भी घटना के बाद से गायब हैं. फिलहाल मामले की सूचना संबंधित अधिकारियों को दे दी गई है और आगे की कार्रवाई की जा रही है. घटना के कारणों को लेकर स्पष्ट जानकारी अभी सामने नहीं आई है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Shruti Kumari

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >