Jamui Police Action: जमुई जिले के सोनो थाना क्षेत्र अंतर्गत नीमा टीलहा गांव में पुलिस ने फरार अभियुक्तों के खिलाफ विशेष अभियान चलाते हुए एक कुर्की वारंटी अभियुक्त को गिरफ्तार किया है. वहीं इसी मामले में लंबे समय से फरार तीन अन्य आरोपितों के घर इश्तेहार चस्पा कर उन्हें शीघ्र न्यायालय में आत्मसमर्पण करने का निर्देश दिया गया है.
कुर्की वारंटी अभियुक्त गिरफ्तार
सोनो थानाध्यक्ष सह पुलिस निरीक्षक धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि पुलिस ने कार्रवाई करते हुए नीमा टीलहा गांव निवासी कुर्की वारंटी अभियुक्त अनछ यादव को गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तारी के बाद आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है.
हत्या के प्रयास के मामले में चल रही कार्रवाई
पुलिस के अनुसार वर्ष 2009 में दर्ज सोनो थाना कांड संख्या 02/09 हत्या के प्रयास के मामले में कई अभियुक्त लंबे समय से फरार चल रहे हैं. न्यायालय के निर्देश पर इनके विरुद्ध लगातार कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
तीन फरार आरोपितों के घर चस्पाया गया इश्तेहार
Jamui Police Action: इसी मामले में फरार चल रहे हरदयाल यादव, संतु यादव और धतूरी यादव के घर पुलिस ने इश्तेहार चस्पा किया. पुलिस ने आरोपितों को जल्द न्यायालय में आत्मसमर्पण करने की चेतावनी दी है. निर्धारित समय के भीतर सरेंडर नहीं करने पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
फरार अभियुक्तों के खिलाफ अभियान जारी
थानाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि न्यायालय से फरार चल रहे वारंटियों और अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा. कानून से बचने वाले किसी भी अभियुक्त को बख्शा नहीं जाएगा.
