जमुई में एक ही रात दो घरों में बड़ी चोरी, लाखों के जेवर और नकदी लेकर फरार हुए चोर, खेत में मिला खाली बक्सा

Jamui Crime News: सिकंदरा के लोहंडा गांव में चोरों ने एक ही रात में दो घरों को निशाना बनाया. राकेश सिंह के घर से करोड़ों के जेवर चोरी हुए, जबकि अजय सिंह के घर से नकदी और चांदी के सिक्के लूटे गए. खाली बक्सा खेत में मिला.

Jamui Crime News: जमुई जिले के सिकंदरा थाना क्षेत्र में शनिवार की रात चोरों ने पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था को खुली चुनौती दे दी. लोहंडा गांव में एक ही रात दो अलग-अलग घरों को निशाना बनाते हुए चोर लाखों रुपये के जेवरात, नकदी और कीमती सामान लेकर फरार हो गए. सुबह जब परिवारों को चोरी की जानकारी मिली तो पूरे गांव में हड़कंप मच गया. सूचना पर पुलिस, एफएसएल और तकनीकी टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है, जबकि डॉग स्क्वैड की भी मदद ली जा रही है.

घटना ने ग्रामीणों के बीच सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं. खासकर एक ही रात में दो घरों में चोरी की वारदात से लोग दहशत में हैं.

खिड़की तोड़कर घर में घुसे चोर, गोदरेज का लॉक तोड़ा

जानकारी के अनुसार लोहंडा गांव निवासी राकेश कुमार सिंह अपने परिवार के साथ पटना गए हुए थे. घर के दूसरे हिस्से में उनका भाई अपने परिवार के साथ सो रहा था. इसी दौरान देर रात चोरों ने घर की खिड़की तोड़कर अंदर प्रवेश किया और सीधे उस कमरे तक पहुंच गए, जहां कीमती जेवर रखे थे.

चोरों ने गोदरेज का लॉक तोड़कर उसमें रखे सोने-चांदी के जेवरात निकाल लिए. इसके बाद कमरे में रखा बक्सा भी अपने साथ ले गए.

बेटी की शादी के जेवर भी ले गए चोर

परिजनों के मुताबिक करीब दो महीने पहले राकेश कुमार सिंह की बेटी की शादी हुई थी. शादी के बाद उसके जेवरात के साथ परिवार के दो अन्य रिश्तेदारों के गहने भी घर में सुरक्षित रखे गए थे. चोर इन्हीं आभूषणों पर हाथ साफ कर गए.

परिजनों का दावा है कि चोरी गए जेवरात और अन्य सामान की कीमत लगभग एक करोड़ रुपये के आसपास है. हालांकि पुलिस फिलहाल चोरी गए सामान के वास्तविक मूल्य का सत्यापन कर रही है.

खेत में मिला खाली बक्सा

घटना के बाद ग्रामीणों ने आसपास तलाश शुरू की तो घर से करीब 100 मीटर दूर एक खेत में चोरी किया गया बक्सा और कुछ कपड़े पड़े मिले. आशंका है कि चोर कीमती जेवर निकालने के बाद बाकी सामान वहीं छोड़कर फरार हो गए.

दूसरे घर से भी नकदी और चांदी के सिक्के चोरी

उसी रात गांव के अजय सिंह उर्फ पहलवान जी का घर भी चोरों के निशाने पर रहा. उस समय परिवार के सभी सदस्य ऊपरी मंजिल पर सो रहे थे. इसका फायदा उठाकर चोर नीचे के कमरे में रखी अलमारी से 60 हजार रुपये नकद, 60 चांदी के सिक्के, 12 चांदी के रुपये और एक सोने का सिक्का चोरी कर ले गए.

रविवार सुबह जब परिवार नीचे पहुंचा तो चोरी का पता चला और पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गई.

एफएसएल, तकनीकी टीम और डॉग स्क्वैड की मदद से जांच

घटना की सूचना मिलते ही सिकंदरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची. मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए. पुलिस तकनीकी टीम की मदद से भी जांच कर रही है और डॉग स्क्वैड को भी बुलाया गया है.

थानाध्यक्ष विकास कुमार सिंह ने बताया कि कुछ संदिग्धों की पहचान की गई है. पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा करने का प्रयास किया जा रहा है.

Jamui Crime News: ग्रामीणों में दहशत, बढ़ी रात्रि गश्ती की मांग

एक ही रात में दो घरों में चोरी की घटना के बाद ग्रामीणों में भय का माहौल है. लोगों का कहना है कि गांव में रात के समय पुलिस गश्त बढ़ाई जानी चाहिए ताकि इस तरह की घटनाओं पर रोक लग सके. ग्रामीणों ने पुलिस से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी और चोरी गए सामान की बरामदगी की मांग की है.

Also Read: हाजीपुर से चिराग पासवान ने कर दिया ऐलान, यूपी की सभी 403 सीटों पर उतारेंगे उम्मीदवार

Also Read: पटना नहीं, अब राजगीर इंटरनेशनल स्टेडियम में चौके-छक्के लगाएंगे बिहार के रणजी धुरंधर, 11 अक्टूबर को पहला मुकाबला


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Om Prakash

Published by: Pratyush Prashant

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >