जमुई के स्कूल में प्रार्थना सभा में बेहोश हुईं दो छात्राएं, स्कूल में मची अफरा-तफरी

Jamui School Heatwave: जमुई में तेज धूप और उमस से बिगड़ी बच्चों की तबीयत, एक छात्रा सदर अस्पताल में भर्ती

Jamui School Heatwave: जमुई से अर्जुन अर्नव की रिपोर्ट: जमुई जिले में पड़ रही भीषण गर्मी का असर अब स्कूली बच्चों की सेहत पर भी दिखने लगा है. शुक्रवार की सुबह उत्क्रमित मध्य विद्यालय बिठलपुर में प्रार्थना सभा के दौरान दो छात्राएं अचानक बेहोश होकर गिर पड़ीं. घटना के बाद विद्यालय परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया. शिक्षकों और छात्राओं ने तुरंत दोनों बच्चियों को संभाला और प्राथमिक उपचार शुरू किया.

गंभीर स्थिति में एक छात्रा को इलाज के लिए सदर अस्पताल लाया गया, जबकि दूसरी छात्रा की हालत सामान्य होने पर उसे घर भेज दिया गया.

प्रार्थना सभा के दौरान बिगड़ी तबीयत

जानकारी के अनुसार बिठलपुर निवासी गुड्डू मंडल की 14 वर्षीय पुत्री रुही कुमारी, जो विद्यालय में आठवीं कक्षा की छात्रा है, सुबह प्रार्थना सभा में अन्य बच्चों के साथ खड़ी थी. इसी दौरान तेज धूप और उमस के कारण उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गयी और वह बेहोश होकर गिर पड़ी.

उसी समय छठी कक्षा की छात्रा मानवी मिश्रा भी चक्कर खाकर जमीन पर गिर गयी. घटना के बाद विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं ने तत्काल दोनों छात्राओं को पानी के छींटे मारकर प्राथमिक उपचार दिया और परिजनों को सूचना दी गयी.

सदर अस्पताल में कराया गया इलाज

विद्यालय प्रशासन द्वारा गंभीर स्थिति में रुही कुमारी को इलाज के लिए सदर अस्पताल भेजा गया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उसका उपचार किया गया. चिकित्सकों के अनुसार अत्यधिक गर्मी और शरीर में पानी की कमी के कारण छात्रा की तबीयत बिगड़ी थी.

वहीं दूसरी छात्रा मानवी मिश्रा की स्थिति सामान्य रहने पर उसे विद्यालय से घर भेज दिया गया. घटना के बाद अभिभावकों में चिंता का माहौल देखा गया.

भीषण गर्मी से बढ़ी चिंता

जिले में पिछले कई दिनों से तेज धूप और उमस भरी गर्मी लोगों को परेशान कर रही है. सुबह के समय ही तापमान तेजी से बढ़ने लगता है, जिससे बच्चों और बुजुर्गों को सबसे ज्यादा परेशानी हो रही है.

अभिभावकों ने विद्यालयों में गर्मी को देखते हुए विशेष सावधानी बरतने की मांग की है. लोगों का कहना है कि बच्चों के लिए पर्याप्त पेयजल, छायादार व्यवस्था और गर्मी से बचाव के इंतजाम जरूरी हैं ताकि ऐसी घटनाओं से बचा जा सके.

Also Read: एलपीजी गैस सब्सिडी को लेकर आया नया नियम, आधार वेरिफिकेशन नहीं कराया तो बंद होगी सब्सिडी, जानें लास्ट डेट

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Pratyush Prashant

महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में एम.ए. तथा जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) से मीडिया और जेंडर में एमफिल-पीएचडी के दौरान जेंडर संवेदनशीलता पर निरंतर लेखन. जेंडर विषयक लेखन के लिए लगातार तीन वर्षों तक लाडली मीडिया अवार्ड से सम्मानित रहे. The Credible History वेबसाइट और यूट्यूब चैनल के लिए कंटेंट राइटर और रिसर्चर के रूप में तीन वर्षों का अनुभव. वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल, बिहार में राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर लेखन कर रहे हैं. किताबें पढ़ने, वायलिन बजाने और कला-साहित्य में गहरी रुचि रखते हैं तथा बिहार को सामाजिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक दृष्टि से समझने में विशेष दिलचस्पी.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >