डीएम नवीन कुमार व एसपी विश्वजीत दयाल ने शिविर का किया निरीक्षण, अधिकारियों को त्वरित निष्पादन का निर्देश
गिद्धौर (जमुई) से कुमार सौरभ की रिपोर्ट:
Jamui news: बिहार सरकार के निर्देश पर जिला प्रशासन की देखरेख में मंगलवार को गिद्धौर प्रखंड की रतनपुर एवं कोल्हुआ पंचायत में सहयोग शिविर का आयोजन किया गया. शिविर में आम लोगों की समस्याएं सुनकर उनके समाधान की दिशा में कार्रवाई की गई. इस दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने लोगों से आवेदन प्राप्त किए और कई मामलों का मौके पर ही निष्पादन किया.
कोल्हुआ पंचायत भवन में आयोजित सहयोग शिविर में विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 28 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 11 मामलों का ऑन-द-स्पॉट निष्पादन किया गया. वहीं रतनपुर पंचायत में आईसीडीएस, मनरेगा, राजस्व, प्रधानमंत्री आवास योजना, खाद्य आपूर्ति एवं सामाजिक सुरक्षा समेत विभिन्न विभागों के छह काउंटर लगाए गए. यहां कुल 13 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से एक मामले का मौके पर ही निपटारा किया गया.
शिविर का निरीक्षण करने पहुंचे जिलाधिकारी नवीन कुमार एवं पुलिस अधीक्षक विश्वजीत दयाल ने अधिकारियों को आमजनों की शिकायतों का त्वरित एवं प्रभावी निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ग्रामीण क्षेत्रों के विकास एवं लोगों की समस्याओं के समाधान को लेकर गंभीर है. इसी उद्देश्य से पंचायत स्तर पर सहयोग शिविर आयोजित किए जा रहे हैं.
जिलाधिकारी ने ग्रामीणों से अपील करते हुए कहा कि वे सरकारी योजनाओं एवं विभागीय सेवाओं से जुड़ी समस्याओं को लेकर शिविर में पहुंचें और प्रशासन का सहयोग करें, ताकि निर्धारित समय सीमा के भीतर उनकी समस्याओं का समाधान किया जा सके. उन्होंने बताया कि सरकार ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों की समस्याएं सुनकर 30 दिनों के भीतर उनका निष्पादन सुनिश्चित किया जाए.
शिविर में पंचायती राज, सांख्यिकी, बाल विकास परियोजना, खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण, मनरेगा, पीएचईडी, विद्युत विभाग, अनुसूचित जाति एवं जनजाति कल्याण, राजस्व एवं भूमि सुधार, ग्रामीण विकास, जीविका, शिक्षा, कृषि, स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं सामाजिक सुरक्षा समेत विभिन्न विभागों के कुल 15 काउंटर लगाए गए थे.
दोनों पंचायतों में आयोजित शिविरों को मिलाकर कुल 41 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 12 मामलों का मौके पर ही निष्पादन किया गया. शेष आवेदनों को संबंधित विभागों को अग्रसारित कर नियमानुसार कार्रवाई शुरू कर दी गई है.
मौके पर एडीएम रविकांत कुमार, बीडीओ ई. सुनील कुमार, अंचलाधिकारी आरती भूषण, प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी शिव पूजन कुमार, सीडीपीओ कुमारी बिंदु, प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी नीलेश कुमार, मनरेगा कार्यक्रम पदाधिकारी संजीव कुमार सिंह, कृषि पदाधिकारी रामाधार चौधरी, थानाध्यक्ष राशि मालिक, पीएचईडी की जेई वर्षा रानी, स्वच्छता समन्वयक प्रियंका रानी, पंचायत सचिव दीपक कुमार सहित अन्य अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे.
