पीएम मोदी के आह्वान का दिखा असर, साइकिल से बाजार पहुंचे विधायक ई.आई.पी. गुप्ता

Jamui News: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के तेल खपत कम करने और पर्यावरण संरक्षण के संदेश का असर अब राजनीतिक नेताओं पर भी दिखने लगा है. जमुई में विधायक ई.आई.पी. गुप्ता साइकिल चलाकर बाजार पहुंचे, जिसे देखकर लोग हैरान भी हुए और उनकी पहल की सराहना भी करने लगे.

Jamui News: जमुई से अर्जुन अरनव की रिपोर्ट. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा देशवासियों से पेट्रोल-डीजल की खपत कम करने और पर्यावरण संरक्षण को लेकर की गयी अपील का असर अब बिहार के राजनीतिक गलियारों में भी नजर आने लगा है. जमुई जिले में आईआईपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष सह सहरसा विधायक ई.आई.पी. गुप्ता ने एक अलग संदेश देते हुए साइकिल से बाजार पहुंचकर लोगों को जागरूक करने की कोशिश की. उनके साथ पार्टी के जमुई जिलाध्यक्ष शंभू कुमार भी साइकिल चलाते नजर आये.

साइकिल से बाजार पहुंचे विधायक, लोगों में दिखी उत्सुकता

विधायक ई.आई.पी. गुप्ता और जिलाध्यक्ष शंभू कुमार शहर के बोधबन तालाब और पुरानी बाजार इलाके में साइकिल से पहुंचे. इस दौरान दोनों नेताओं ने बाजार में दैनिक जरूरत के सामानों की खरीदारी भी की.

शहर की सड़कों पर नेताओं को साइकिल चलाते देख स्थानीय लोगों में उत्सुकता का माहौल बन गया. कई लोगों ने रुककर उनकी तस्वीरें लीं, जबकि कुछ लोगों ने इस पहल को पर्यावरण संरक्षण की दिशा में सकारात्मक कदम बताया.

ईंधन बचत और फिटनेस का दिया संदेश

विधायक ई.आई.पी. गुप्ता ने कहा कि लगातार बढ़ रही पेट्रोल-डीजल की खपत देश की अर्थव्यवस्था और पर्यावरण दोनों पर असर डाल रही है. उन्होंने कहा कि छोटी दूरी तय करने के लिए साइकिल का उपयोग करना एक बेहतर विकल्प हो सकता है.

उन्होंने लोगों से सप्ताह में कम से कम एक दिन साइकिल चलाने की अपील करते हुए कहा कि इससे शरीर भी स्वस्थ रहेगा और प्रदूषण में भी कमी आयेगी.

जिलाध्यक्ष शंभू कुमार ने भी कहा कि साइकिल चलाना न केवल ईंधन बचत का माध्यम है, बल्कि यह फिटनेस के लिए भी बेहद लाभदायक है. उन्होंने बताया कि आने वाले दिनों में पार्टी की ओर से जागरूकता अभियान भी चलाया जाएगा.

लोगों ने की पहल की सराहना

स्थानीय लोगों का कहना है कि जनप्रतिनिधियों द्वारा इस तरह का संदेश समाज में अच्छा प्रभाव छोड़ता है. लोगों ने कहा कि अगर नेता खुद साइकिल चलाकर उदाहरण पेश करेंगे तो आम लोग भी प्रेरित होंगे.

पर्यावरण संरक्षण और ईंधन बचत को लेकर शुरू हुई यह पहल अब जिले में चर्चा का विषय बनी हुई है.

Also Read: ‘मार देहब गोली’…आंगनबाड़ी केंद्र बना डांस बार, बच्चों की क्लास में रातभर भोजपुरी गानों पर लगे ठुमके

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Pratyush Prashant

महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में एम.ए. तथा जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) से मीडिया और जेंडर में एमफिल-पीएचडी के दौरान जेंडर संवेदनशीलता पर निरंतर लेखन. जेंडर विषयक लेखन के लिए लगातार तीन वर्षों तक लाडली मीडिया अवार्ड से सम्मानित रहे. The Credible History वेबसाइट और यूट्यूब चैनल के लिए कंटेंट राइटर और रिसर्चर के रूप में तीन वर्षों का अनुभव. वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल, बिहार में राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर लेखन कर रहे हैं. किताबें पढ़ने, वायलिन बजाने और कला-साहित्य में गहरी रुचि रखते हैं तथा बिहार को सामाजिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक दृष्टि से समझने में विशेष दिलचस्पी.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >