जमुई से अर्जुन अरनव के इनपुट के साथ रिपोर्ट.
Jamui News: नगर परिषद क्षेत्र के महिसौड़ी मोहल्ले में बुधवार को घर पेंट करने को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई. विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों ओर से लाठी-डंडे चलने लगे और कई लोग घायल हो गए. सूचना मिलते ही टाउन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया. सभी घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है. घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है.
रंगाई-पुताई के दौरान शुरू हुआ विवाद
बताया गया कि बकरीद पर्व को लेकर एक पक्ष अपने घर की बाहरी दीवार की रंगाई-पुताई करा रहा था. इसके लिए बांस बांधा गया था. इसी बात को लेकर पड़ोसियों के बीच विवाद शुरू हो गया. घायल मो जीशान के अनुसार पड़ोसी मो हाशिम उर्फ भोलू और उसके सहयोगियों ने बांस हटाने को कहा और विरोध करने पर गाली-गलौज शुरू कर दी.
देखते ही देखते हिंसक हो गई झड़प
विवाद कुछ ही देर में हिंसक झड़प में बदल गया. दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई और लाठी-डंडे चलने लगे. एक पक्ष ने आरोप लगाया कि दहशत फैलाने के लिए हवाई फायरिंग भी की गई. हालांकि दूसरे पक्ष के लोगों का कहना है कि पहले उनकी ओर से गाली-गलौज और हमला किया गया था.
सात लोग घायल, अस्पताल में चल रहा इलाज
घटना में एक पक्ष से मो गब्बर खान, मो इम्तियाज खान, मो जीशान, नियति परवीन और नेमत परवीन घायल हुए हैं. वहीं दूसरे पक्ष से मो हाशिम उर्फ भोलू और मो सलीम जख्मी हुए हैं. सभी घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
पुलिस ने चार लोगों को लिया हिरासत में
घटना की सूचना मिलते ही टाउन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और त्वरित कार्रवाई करते हुए एक पक्ष से तीन तथा दूसरे पक्ष से एक व्यक्ति को हिरासत में लिया. पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है. अधिकारियों का कहना है कि इलाके में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए निगरानी बढ़ा दी गई है.
Also Read: विश्व मासिक धर्म स्वच्छता दिवस पर बेगूसराय से टोक्यो तक गूंजा ‘पीरियड जागरूकता अभियान’
