झाझा, जमुई से ऋताम्बर सिंह की रिपोर्ट.
Jamui News: झाझा में शुक्रवार को लेप्रोसी बीमारी से ग्रसित मरीजों के बीच इलाज से संबंधित किट का वितरण किया गया. कार्यक्रम डॉ बीके रॉय की उपस्थिति में आयोजित हुआ, जहां मरीजों और स्वास्थ्य कर्मियों को इस बीमारी के प्रति जागरूक किया गया. डॉक्टरों ने लोगों से अपील की कि लेप्रोसी को लेकर फैली भ्रांतियों से बचें और मरीजों को समय पर इलाज के लिए प्रेरित करें.
मरीजों के बीच बांटी गई स्वास्थ्य किट
कार्यक्रम के दौरान लेप्रोसी बीमारी से पीड़ित मरीजों के बीच जरूरी स्वास्थ्य किट वितरित किए गए. स्वास्थ्य विभाग की ओर से मरीजों को नियमित इलाज और सावधानी बरतने की सलाह भी दी गई. इस दौरान मौजूद लोगों को बीमारी के लक्षण और इलाज की जानकारी दी गई.
डॉक्टर ने बताया बीमारी का कारण
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ बीके रॉय ने कहा कि लेप्रोसी माइक्रोबैक्टेरियम लेप्री बैक्टीरिया के कारण होने वाला एक दीर्घकालिक संक्रमण है. यह बीमारी मुख्य रूप से त्वचा, नसों और आंखों को प्रभावित करती है. उन्होंने कहा कि लोगों में अब भी इस बीमारी को लेकर कई तरह की गलतफहमियां हैं.
“यह छुआछूत की बीमारी नहीं”
डॉ रॉय ने स्पष्ट कहा कि लेप्रोसी कोई छुआछूत की बीमारी नहीं है. उन्होंने बताया कि यदि सही समय पर इलाज शुरू कर दिया जाए तो मरीज पूरी तरह स्वस्थ हो सकता है. उन्होंने आम लोगों से अपील की कि अगर आसपास कोई व्यक्ति इस बीमारी से ग्रसित दिखाई दे तो उसे अस्पताल जाकर इलाज कराने के लिए प्रेरित करें.
जागरूकता फैलाने पर दिया जोर
डॉ रॉय ने स्वास्थ्य कर्मियों से भी अधिक से अधिक जागरूकता फैलाने की अपील की. उन्होंने कहा कि लोगों को सही जानकारी मिलने पर वे बिना डर के इलाज कराएंगे और बीमारी को शुरुआती चरण में ही नियंत्रित किया जा सकेगा.
स्वास्थ्य कर्मी रहे मौजूद
कार्यक्रम में डेटा सहायक आशुतोष बाजपेई समेत कई स्वास्थ्य कर्मी मौजूद रहे. सभी ने लोगों को बीमारी के प्रति जागरूक करने और समाज में फैले भ्रम को दूर करने का संकल्प लिया.
Also Read: आज सिंगापुर जायेंगे लालू प्रसाद, कोर्ट से मिला परमिशन, 2022 में हुआ था किडनी ट्रांसप्लांट
