2024 बैच की IPS दीप्ति मनाली ने संभाला जमुई सदर का प्रभार: महिला सुरक्षा और जीरो टॉलरेंस को लेकर कही यह बड़ी बात

जमुई जिला मुख्यालय में 2024 बैच की IPS दीप्ति मनाली ने सदर एसडीपीओ का कार्यभार संभाला है. उन्होंने निष्पक्ष अनुसंधान, त्वरित न्याय और अपराध पर 'जीरो टॉलरेंस' की नीति पर ज़ोर दिया है. महिला सुरक्षा के लिए 'पुलिस दीदी' अभियान भी चलाया जाएगा.

जमुई जिला मुख्यालय में बेहतर विधि-व्यवस्था और संवेदनशील पुलिसिंग को गति देने के लिए वर्ष 2024 बैच की तेजतर्रार आईपीएस अधिकारी दीप्ति मनाली ने बुधवार को अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ), सदर के पद का विधिवत कार्यभार संभाल लिया. पदभार ग्रहण करने के उपरांत उन्होंने स्पष्ट किया कि निष्पक्ष अनुसंधान, त्वरित न्याय, आम नागरिकों की सुरक्षा और अपराध पर शून्य सहिष्णुता (जीरो टॉलरेंस) उनकी कार्यशैली के मुख्य आधार होंगे.

सूचना तंत्र होगा मजबूत, अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस

सदर अनुमंडल क्षेत्र में कानून-व्यवस्था की मजबूती को रेखांकित करते हुए एसडीपीओ ने कहा कि संगठित अपराध और असामाजिक तत्वों के विरुद्ध पुलिस की सक्रियता तेज की जाएगी.

इसके लिए थाना स्तर पर लोकल इंटेलिजेंस और मुखबिर नेटवर्क को पुनर्जीवित किया जाएगा. संवेदनशील इलाकों, मुख्य चौराहों और अंतर-जिला सीमाओं पर चौबीसों घंटे गश्ती व सघन चेकिंग अभियान चलाकर अपराधियों के नेटवर्क को तोड़ा जाएगा, जिससे आम जनमानस में पुलिस के प्रति अटूट विश्वास कायम हो सके.

जाम से कराहते जमुई शहर को मिलेगी व्यवस्थित ट्रैफिक व्यवस्था

जमुई शहर के मुख्य बाजारों, कचहरी चौक और स्टेशन रोड में लगने वाले भीषण जाम पर चिंता जताते हुए उन्होंने इसे प्राथमिकता के आधार पर हल करने की बात कही.

शहर में यातायात नियमों के कड़ाई से अनुपालन, अवैध पार्किंग पर रोक और दबाव वाले चौराहों पर पुलिस बल की मुस्तैदी सुनिश्चित की जाएगी, ताकि पैदल राहगीरों और वाहन चालकों को जाम के झाम से निजात मिल सके.

'पुलिस दीदी' के जरिए महिला सुरक्षा होगी अभेद्य

महिला अपराधों की रोकथाम को अपनी कार्ययोजना का अहम हिस्सा बताते हुए आईपीएस दीप्ति मनाली ने कहा कि 'पुलिस दीदी' अभियान को प्रभावी रूप से धरातल पर उतारा जाएगा.

इसके जरिए ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों की बालिकाओं और महिलाओं से सीधा संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं को सुना जाएगा. छेड़खानी, घरेलू हिंसा और साइबर उत्पीड़न से संबंधित शिकायतों पर त्वरित व कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

जनता और पुलिस के बीच समन्वय से बनेगी बात

एसडीपीओ ने स्थानीय नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि एक भयमुक्त समाज के निर्माण के लिए पुलिस और जनता के बीच बेहतर तालमेल अपरिहार्य है. उन्होंने आम लोगों से किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या आपराधिक गतिविधि की जानकारी बिना किसी संकोच के तुरंत पुलिस तक पहुंचाने का आह्वान किया, ताकि समय रहते अप्रिय घटनाओं को टाला जा सके.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By पंकज कुमार सिंह

पंकज कुमार सिंह प्रिंट माध्यम में 20 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. करियर की शुरुआत वर्ष 2005 में की. अभी प्रभात खबर के जमुई कार्यालय में कार्यरत हैं. सामाजिक सरोकार, अपराध, शिक्षा, राजनीतिक खबरों में रुचि रखते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >