Jamui Liquor Smuggling: जमुई जिले के टाउन थाना क्षेत्र में उत्पाद विभाग की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए मिसिरबिघा-अंबा गांव के समीप एक टाटा टियागो कार से 127.5 लीटर अवैध विदेशी शराब बरामद की. मौके से कार चालक राजीव कुमार सिंह को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है.
गुप्त सूचना पर बिछाया गया जाल
उत्पाद अधीक्षक सुभाष कुमार ने बताया कि सूचना मिली थी कि पश्चिम बंगाल से विदेशी शराब की बड़ी खेप कार के माध्यम से जमुई लाई जा रही है. सूचना के बाद जिले के सभी चेकपोस्ट पर सघन वाहन जांच अभियान चलाया गया और संभावित मार्गों पर निगरानी बढ़ा दी गई.
तलाशी में मिली 127.5 लीटर विदेशी शराब
जांच के दौरान मिसिरबिघा-अंबा गांव के समीप संदिग्ध टाटा टियागो कार को रोककर तलाशी ली गई. तलाशी में कार से 127.5 लीटर अवैध विदेशी शराब बरामद हुई. इसके बाद चालक राजीव कुमार सिंह, निवासी दौलतपुर, थाना टाउन, जमुई को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया.
पहले भी तस्करी के मामलों में रहा है शामिल
Jamui Liquor Smuggling: उत्पाद अधीक्षक ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी पहले भी शराब तस्करी के मामलों में संलिप्त रहा है. उसकी गिरफ्तारी के लिए कई बार उसके ठिकानों पर छापेमारी की गई थी, लेकिन वह हर बार फरार हो जाता था. इस बार उसे शराब की खेप के साथ रंगे हाथों पकड़ लिया गया.
नेटवर्क की जांच में जुटा विभाग
पूछताछ और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. उत्पाद विभाग अब इस बात की जांच कर रहा है कि बरामद शराब किसके लिए लाई जा रही थी और इस तस्करी नेटवर्क में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं.
