BRICS धमकी मामले में गिरफ्तार सॉफ्टवेयर इंजीनियर के पिता बोले- बेटा निर्दोष, ईमेल आईडी हैक कर फंसाया गया

दिल्ली में BRICS सम्मेलन को ईमेल से धमकी देने के मामले में देवघर से एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर गुलशन चौहान को गिरफ्तार किया गया है. हालांकि, गुलशन के पिता का दावा है कि उनके बेटे को फंसाया गया है और उसकी ईमेल आईडी हैक कर ली गई थी.

जमुई. दिल्ली में आयोजित BRICS सम्मेलन को धमकी देने के मामले में देवघर से गिरफ्तार सॉफ्टवेयर इंजीनियर गुलशन चौहान के परिवार ने उसे निर्दोष बताया है. गुलशन के पिता कौशल सिंह का कहना है कि उनके बेटे की ईमेल आईडी हैक कर उसे इस मामले में फंसाया गया है. उन्होंने कहा कि गुलशन देवघर में रहकर नौकरी करता है और वह इस तरह की गलती कभी नहीं कर सकता.

ईमेल के जरिए BRICS सम्मेलन को धमकी देने का मामला

बताया गया है कि दिल्ली में आयोजित BRICS सम्मेलन के दौरान पुलिस को ईमेल भेजकर धमकी दी गयी थी. ईमेल में आईफोन और एंड्रॉयड फोन की बैटरी से धमाका करने तथा गांधीनगर सचिवालय को उड़ाने की धमकी दिए जाने की बात सामने आयी थी. मामले को लेकर गांधीनगर में 10 सितंबर को आईटी एक्ट समेत अन्य धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गयी थी.

पहले युवक की गिरफ्तारी, फिर देवघर से गुलशन पकड़ा गया

मामले की जांच के दौरान पुलिस ने पहले एक युवक को गिरफ्तार किया. पुलिस के अनुसार उसकी निशानदेही पर टीम ने शनिवार को देवघर में छापेमारी कर गुलशन चौहान को गिरफ्तार किया. गुलशन जमुई जिले के खैरा थाना क्षेत्र स्थित कागेश्वर पंचायत के दिनारी गांव का रहने वाला है. उसका ननिहाल सदर थाना क्षेत्र के दौलतपुर में बताया गया है.

पिता बोले, देवघर में नौकरी करता है गुलशन

गुलशन के पिता कौशल सिंह ने बताया कि उनका बेटा देवघर में रहकर नौकरी करता है और अक्सर घर आता-जाता रहता था. उन्होंने कहा कि गुलशन ऐसी गलती नहीं कर सकता. पिता के अनुसार गिरफ्तारी के करीब दो दिन बाद गांव के किसी व्यक्ति के माध्यम से उन्हें बेटे के गिरफ्तार होने की जानकारी मिली.

उन्होंने कहा कि परिवार को पुलिस की ओर से अब तक गिरफ्तारी या मामले से संबंधित कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी गयी है. परिवार का कहना है कि ईमेल आईडी के दुरुपयोग की भी जांच होनी चाहिए.

चचेरे भाई की मौत से पहले ही सदमे में था परिवार

कौशल सिंह ने बताया कि करीब 20 दिन पहले पटना में मेडिकल की तैयारी कर रहे गुलशन के चचेरे भाई की मौत हो गयी थी. इस घटना से परिवार पहले ही गहरे सदमे में था. इसी बीच गुलशन की गिरफ्तारी की खबर मिलने से परिवार की परेशानी और बढ़ गयी है.

सोशल मीडिया से जुड़े काम की भी चर्चा

वहीं, सूत्रों के हवाले से गुलशन के सोशल मीडिया और इससे जुड़े अन्य कार्यों में सक्रिय रहने की बात कही जा रही है. हालांकि इस संबंध में कोई स्पष्ट आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आयी है. पुलिस की जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि धमकी भेजने वाले ईमेल का गुलशन से वास्तविक संबंध था या उसकी ईमेल आईडी का किसी अन्य व्यक्ति ने इस्तेमाल किया.

जांच के बाद ही सामने आएगी पूरी सच्चाई

BRICS सम्मेलन को धमकी देने जैसे गंभीर मामले में पुलिस विभिन्न पहलुओं की जांच कर रही है. ईमेल की तकनीकी जांच, उसके स्रोत और आरोपी से जुड़े डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट होने की उम्मीद है. फिलहाल परिवार अपने बेटे को निर्दोष बताते हुए ईमेल आईडी हैक कर फंसाए जाने का आरोप लगा रहा है.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By गुलशन कश्यप

गुलशन कश्यप प्रिंट माध्यम में 15 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. सामाजिक सरोकार, शिक्षा, अनुसंधान, राजनीति, कला-संस्कृति व सिनेमा में रुचि रखते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >