जमुई से अर्जुन अरनव के इनपुट के साथ रिपोर्ट.
Jamui Bakrid Celebration: जिलेभर में गुरुवार को ईद-उल-अजहा का त्योहार पूरे उल्लास और श्रद्धा के साथ मनाया गया. सुबह से ही शहर के ईदगाह, जामा मस्जिद और विभिन्न मस्जिदों में नमाजियों की भीड़ उमड़ पड़ी. भीषण गर्मी के बावजूद मुस्लिम समुदाय में खास उत्साह देखने को मिला. लोगों ने अकीदत के साथ नमाज अदा की और नमाज के बाद एक-दूसरे से गले मिलकर बकरीद की मुबारकबाद दी.
मस्जिदों और ईदगाहों में उमड़ी भीड़
शहर के बोधवन तालाब स्थित ईदगाह मैदान, आदर्श थाना के समीप जामा मस्जिद, मिर्चा मस्जिद, भछियार पठान टोली स्थित नूर मस्जिद, महिसौड़ी मस्जिद और नीमारंग समेत जिले की विभिन्न मस्जिदों में सामूहिक रूप से नमाज अदा की गई. हांसडीह, विठलपुर और सतगामा जैसे ग्रामीण इलाकों में भी लोगों ने पूरे उत्साह के साथ बकरीद मनाई.
इमामों ने दिया भाईचारे और इंसानियत का संदेश
नमाज के दौरान इमामों ने देश में अमन, शांति और भाईचारे की दुआ मांगी. ईदगाह और भछियार पठान टोली मस्जिद के इमाम हाफिज मो शमीम साहेब ने लोगों से देश के नियम और कानून का पालन करने की अपील की. उन्होंने कहा कि समाज और देश की भलाई के लिए सभी को मिलजुलकर काम करना चाहिए.
कुर्बानी और खुशियों का पर्व
नमाज के बाद लोगों ने अपने घरों में सेवइयां और मिठाइयों के साथ पर्व की खुशियां मनाईं. इसके बाद परंपरा के अनुसार बकरे की कुर्बानी दी गई. कुर्बानी के मांस को गरीबों, जरूरतमंदों, रिश्तेदारों और पड़ोसियों के बीच बांटा गया. बच्चे नए कपड़ों में बेहद खुश नजर आए और लोग एक-दूसरे के घर जाकर बधाइयां देते रहे.
सुरक्षा व्यवस्था रही पूरी तरह मुस्तैद
बकरीद को शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा. चौक-चौराहों और संवेदनशील इलाकों में पुलिस बल की तैनाती की गई थी. एसडीओ सौरभ कुमार, एसडीपीओ सतीश सुमन और अन्य अधिकारी लगातार क्षेत्र में भ्रमण कर हालात का जायजा लेते रहे. प्रशासन ने कहा कि पर्व के दौरान किसी भी असामाजिक गतिविधि पर कड़ी नजर रखी गई.
Also Read: विश्व मासिक धर्म स्वच्छता दिवस पर बेगूसराय से टोक्यो तक गूंजा ‘पीरियड जागरूकता अभियान’
