जमुई से पंकज सिंह की रिपोर्ट Jamui News : जिला प्रशासन की ओर से चलाये जा रहे स्वगणना अभियान और पांडुलिपि सर्वेक्षण अभियान की प्रगति को लेकर सोमवार को समाहरणालय में समीक्षा बैठक आयोजित की गयी. जिला पदाधिकारी के निर्देश पर अपर समाहर्ता रविकांत सिन्हा ने जिला स्तरीय पदाधिकारियों के साथ बैठक कर दोनों अभियानों की अद्यतन स्थिति का जायजा लिया. बैठक में अपर समाहर्ता ने स्पष्ट कहा कि ये दोनों अभियान प्रशासन की प्राथमिकता में हैं और इनके क्रियान्वयन में किसी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जायेगी. समीक्षा के दौरान कुछ क्षेत्रों में कार्यों की धीमी प्रगति पर उन्होंने नाराजगी जतायी और संबंधित अधिकारियों को कार्यशैली में सुधार लाते हुए अगले 24 घंटे के भीतर ठोस प्रगति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों को भी बैठक से जोड़ा गया. उन्हें अपने-अपने क्षेत्रों में स्वगणना अभियान को और तेज करने तथा अन्य प्रशासनिक कार्यों के साथ समन्वय बनाकर लक्ष्य हासिल करने का निर्देश दिया गया. अपर समाहर्ता ने कहा कि सभी अधिकारी मिशन मोड में कार्य करते हुए निर्धारित समय सीमा के भीतर कार्य पूर्ण करें. बैठक में जिला शिक्षा पदाधिकारी दयाशंकर सिंह, वरीय उप समाहर्ता सावन कुमार, कार्यपालक अभियंता (सिंचाई) गौतम कुमार समेत अन्य जिला स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित थे.
Jamui स्वगणना व पांडुलिपि सर्वेक्षण अभियान में तेजी लाने का निर्देश
जिला प्रशासन की ओर से चलाये जा रहे स्वगणना अभियान और पांडुलिपि सर्वेक्षण अभियान की प्रगति को लेकर सोमवार को समाहरणालय में समीक्षा बैठक आयोजित की गयी.
