पेट्रोलियम जब्ती मामले में चार पर केस दर्ज, जांच के लिए भेजा गया सैंपल

चंद्रमंडीह थाना क्षेत्र के बासुकीटाड़ स्थित पंचवाहिनी इलाके से भारी मात्रा में पेट्रोलियम पदार्थ की बरामदगी मामले में पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है.

चकाई. चंद्रमंडीह थाना क्षेत्र के बासुकीटाड़ स्थित पंचवाहिनी इलाके से भारी मात्रा में पेट्रोलियम पदार्थ की बरामदगी मामले में पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है. यह कार्रवाई प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी मुकेश कुमार के लिखित आवेदन पर की गई है. पुलिस के अनुसार, दर्ज मामले में मकान मालिक समेत अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों को आरोपी बनाया गया है. उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है. जानकारी के अनुसार, 26 अप्रैल को गुप्त सूचना के आधार पर चंद्रमंडीह पुलिस ने एक मकान में छापेमारी की. इस दौरान 40 ड्रम मिलावटी पेट्रोल, चार ड्रम मिलावटी डीजल, 19 ड्रम पेट्रोल समेत कुल 63 ड्रम पेट्रोलियम पदार्थ बरामद किए गए. इसके अलावा 53 खाली ड्रम, एक बोलेरो पिकअप टैंकर, टुल्लू पंप तथा अन्य उपकरण भी जब्त किए गए. जांच के दौरान मौके से लाल और नारंगी रंग के केमिकल पाउडर भी मिले, जिनका उपयोग पेट्रोल-डीजल में मिलावट के लिए किए जाने की आशंका है. मामले में आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया है. सोमवार को प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी थाने पहुंचे और जब्त पेट्रोल-डीजल के नमूने जांच के लिए भागलपुर भेजे. साथ ही सभी ड्रम को सील कर उनकी नंबरिंग कर दी गई है. फिलहाल जब्त सभी सामान थाने में सुरक्षित रखा गया है. गौरतलब है कि रविवार को पुलिस ने कार्रवाई करते हुए करीब 12,600 लीटर पेट्रोल और डीजल बरामद किया था, जिसके बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया था.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By PANKAJ KUMAR SINGH

PANKAJ KUMAR SINGH is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >