प्रो प्रदीप बने श्यामा प्रसाद सिंह महिला महाविद्यालय के नये प्राचार्य

श्यामा प्रसाद सिंह महिला महाविद्यालय जमुई को नया प्राचार्य मिल गया है. सोमवार को गांधी विचार विभाग के विभागाध्यक्ष प्रो प्रदीप कुमार सिंह ने प्राचार्य पद का कार्यभार संभाल लिया.

जमुई. श्यामा प्रसाद सिंह महिला महाविद्यालय जमुई को नया प्राचार्य मिल गया है. सोमवार को गांधी विचार विभाग के विभागाध्यक्ष प्रो प्रदीप कुमार सिंह ने प्राचार्य पद का कार्यभार संभाल लिया. उनके पदभार ग्रहण करते ही महाविद्यालय परिसर में बधाई देने वालों का तांता लग गया. पूर्व प्राचार्य डॉ सुचिता उपाध्याय के सेवानिवृत्त होने के बाद महाविद्यालय की शासी निकाय की बैठक में सर्वसम्मति से प्रो प्रदीप कुमार सिंह के नाम पर मुहर लगाई गई. इस बैठक में शासी निकाय के सचिव प्रो. जय कुमार सिंह, अध्यक्ष प्रो डॉ अलाउद्दीन, एसडीओ सौरव कुमार मौजूद रहे. प्रो सिंह वर्ष 1990 से इस महाविद्यालय में कार्यरत हैं और वरीयता के आधार पर उन्हें यह जिम्मेदारी सौंपी गई है. प्राचार्य बनने के बाद महाविद्यालय के शिक्षकों और शिक्षकेत्तर कर्मियों ने उन्हें बधाई दी. पदभार संभालने के बाद प्रो सिंह ने कहा कि महाविद्यालय में शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार और विकास कार्यों को नई ऊंचाई तक पहुंचाना उनकी प्राथमिकता होगी. उन्होंने कहा कि 1979 में स्थापित यह महाविद्यालय महिला शिक्षा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से बनाया गया था, लेकिन विभिन्न कारणों से इसका अपेक्षित विकास नहीं हो सका. उन्होंने भरोसा जताया कि आने वाले समय में महाविद्यालय महिला शिक्षा के क्षेत्र में एक नया आयाम स्थापित करेगा और क्षेत्र की छात्राओं के लिए बेहतर अवसर सुनिश्चित किए जाएंगे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By PANKAJ KUMAR SINGH

PANKAJ KUMAR SINGH is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >