जमुई के गिद्धौर थाना क्षेत्र के मौरा गांव में एक विवाहिता के साथ कथित घरेलू हिंसा का मामला सामने आया है. आरोप है कि पति, सास और ससुर ने महिला के साथ बेरहमी से मारपीट की और उसे घर के पास स्थित खेत में छोड़ दिया. स्थानीय ग्रामीणों की सूचना पर पहुंचे मायके पक्ष के लोगों ने घायल महिला को इलाज के लिए जमुई सदर अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है. घायल महिला की पहचान मौरा गांव निवासी बिनोद यादव की पत्नी ललिता देवी के रूप में हुई है.
पिता ने तीन साल से प्रताड़ना का लगाया आरोप
अस्पताल में मौजूद पीड़िता के पिता, गिद्धौर थाना क्षेत्र के कुरिला गांव निवासी भरत यादव ने बताया कि उनकी बेटी की शादी करीब 15 वर्ष पहले मौरा गांव निवासी बिनोद यादव से हुई थी. उनका आरोप है कि शुरुआती वर्षों के बाद पिछले तीन साल से ससुराल पक्ष लगातार उनकी बेटी को प्रताड़ित कर रहा था. उनके अनुसार, पति अक्सर उसे अपने साथ नहीं रखने की बात कहकर मारपीट करता था.
पति के कथित अवैध संबंध का किया जिक्र
पीड़िता के पिता ने आरोप लगाया कि उनके दामाद का किसी दूसरी महिला के साथ कथित संबंध है और उनकी बेटी इसका विरोध करती थी. उनका दावा है कि विरोध करने पर ललिता देवी के साथ मारपीट की जाती थी. इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है और संबंधित पक्ष का बयान सामने नहीं आया है.
मारपीट के बाद खेत में छोड़ने का आरोप
परिजनों के अनुसार, सोमवार को विवाद बढ़ने पर पति, सास और ससुर ने मिलकर लाठी-डंडों और लात-घूसों से महिला की पिटाई की. आरोप है कि महिला के अचेत होने के बाद उसे घर के पास स्थित खेत में छोड़ दिया गया. ग्रामीणों ने घायल अवस्था में महिला को देखकर इसकी सूचना उसके मायके वालों को दी, जिसके बाद उसे अस्पताल पहुंचाया गया.
इलाज जारी, प्राथमिकी दर्ज कराने की तैयारी
सदर अस्पताल में चिकित्सकों की देखरेख में पीड़िता का इलाज चल रहा है. परिजनों का कहना है कि महिला की स्थिति स्थिर होने के बाद गिद्धौर थाने में पति, सास और ससुर के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई जाएगी. वहीं, परिजनों के अनुसार घटना के बाद से आरोपित घर छोड़कर चले गए हैं.
ALSO READ : साइबर ठगी के शिकार लोगों को मिली बड़ी राहत, जमुई पुलिस ने ₹40,200 कराए रिफंड, जानिए कैसे बचा पैसा
