जमुई में 47 डिग्री जैसी महसूस हुई गर्मी, दोपहर में सूनी पड़ी रहीं सड़कें

Heatwave in Jamui: जमुई में चिलचिलाती धूप और गर्म पछुआ हवा ने बढ़ाई लोगों की मुश्किलें, बाजारों में दिखा सन्नाटा

Heatwave in Jamui: जमुई से अर्जुन अरनव की रिपोर्ट. जेठ माह के तीसरे सप्ताह में जमुई जिले में गर्मी ने लोगों का हाल बेहाल कर दिया है. शनिवार को सुबह से ही तेज धूप और गर्म पछुआ हवा ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया. दोपहर होते-होते हालात ऐसे हो गए कि लोग घरों में दुबकने को मजबूर हो गए और शहर की सड़कें लगभग सूनी नजर आने लगीं. 41 डिग्री तापमान के बावजूद उमस और गर्म हवाओं के कारण लोगों को 47 डिग्री जैसी गर्मी महसूस हुई.

सुबह से बरसने लगी आग, दोपहर में पसरा सन्नाटा

शनिवार की सुबह सूरज निकलते ही तपिश बढ़ने लगी थी. करीब 10 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही गर्म पछुआ हवा ने लोगों की परेशानी और बढ़ा दी. दिन चढ़ने के साथ ही सड़कों पर आवाजाही कम होती गयी.

कचहरी चौक, सदर अस्पताल और मुख्य बाजार क्षेत्रों में दोपहर के समय सन्नाटा पसरा रहा. जरूरी काम से बाहर निकलने वाले लोग गमछा, टोपी और छाते का सहारा लेते दिखे. शाम छह बजे के बाद बाजारों में थोड़ी हलचल जरूर बढ़ी, लेकिन ग्राहकों की कमी से दुकानदार परेशान नजर आए.

41 डिग्री तापमान, लेकिन 47 जैसी महसूस हुई गर्मी

मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को जिले का अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री दर्ज किया गया. हालांकि उमस और गर्म हवाओं के कारण वास्तविक महसूस होने वाला तापमान काफी अधिक रहा.

कृषि विज्ञान केंद्र के केंद्र प्रमुख सुधीर कुमार सिंह ने बताया कि अगले बुधवार तक दिन और रात के तापमान में और बढ़ोतरी हो सकती है. हालांकि गुरुवार से मौसम में कुछ राहत मिलने की संभावना जतायी गयी है.

ठंडे पेय पदार्थों की बढ़ी मांग

भीषण गर्मी के बीच लोग राहत पाने के लिए ठंडे पेय पदार्थों का सहारा ले रहे हैं. शहर में कोल्ड ड्रिंक, गन्ने का जूस, लस्सी, शिकंजी, आइसक्रीम और नींबू पानी की मांग तेजी से बढ़ गयी है.

जूस और आइसक्रीम दुकानों पर लोगों की भीड़ देखी जा रही है. दुकानदारों का कहना है कि गर्मी बढ़ने के साथ ठंडे पेय पदार्थों की बिक्री में काफी इजाफा हुआ है.

डॉक्टरों ने दी सावधानी बरतने की सलाह

स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने लोगों को तेज धूप में बाहर निकलने से बचने की सलाह दी है. डॉक्टरों का कहना है कि पर्याप्त पानी पीते रहें, हल्के सूती कपड़े पहनें और खाली पेट घर से बाहर न निकलें.

Also Read: Patna News: इबोला वायरस को लेकर राजधानी के अस्पतालों में अलर्ट, गाइडलाइन का इंतजार

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Pratyush Prashant

महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में एम.ए. तथा जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) से मीडिया और जेंडर में एमफिल-पीएचडी के दौरान जेंडर संवेदनशीलता पर निरंतर लेखन. जेंडर विषयक लेखन के लिए लगातार तीन वर्षों तक लाडली मीडिया अवार्ड से सम्मानित रहे. The Credible History वेबसाइट और यूट्यूब चैनल के लिए कंटेंट राइटर और रिसर्चर के रूप में तीन वर्षों का अनुभव. वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल, बिहार में राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर लेखन कर रहे हैं. किताबें पढ़ने, वायलिन बजाने और कला-साहित्य में गहरी रुचि रखते हैं तथा बिहार को सामाजिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक दृष्टि से समझने में विशेष दिलचस्पी.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >