कलश शोभायात्रा के साथ हरे राम संकीर्तन यज्ञ का शुभारंभ

यज्ञ से गांव में बना हुआ है आध्यात्मिक वातावरण और भक्ति का विशेष माहौल

बरहट. प्रखंड अंतर्गत भरकहुआ गांव में बुधवार को श्री-श्री 108 हरे राम संकीर्तन यज्ञ का शुभारंभ भव्य कलश शोभायात्रा के साथ हुआ. यज्ञ स्थल से निकली इस शोभायात्रा में 121 कुमारी कन्याओं के साथ बड़ी संख्या में महिला श्रद्धालुओं ने भाग लिया. यजमान के रूप में श्यामदेव यादव व उनकी धर्मपत्नी पार्वती देवी शामिल रहे. गाजे-बाजे और जय श्रीराम व जय हनुमान के जयकारों से गूंजती यात्रा गांव प्रखंड मुख्यालय और विभिन्न चौक-चौराहों से गुजरते हुए कुम्हरवा नदी घाट पहुंची. वहां वैदिक विधि-विधान के साथ पंडितों ने कलश में पवित्र जल भरवाया. इसके बाद श्रद्धालु कलश को सिर पर धारण कर पुनः यज्ञ स्थल पहुंचे जहां विधिवत कलश स्थापना के साथ 24 घंटे के राम संकीर्तन यज्ञ की शुरुआत हुई. यज्ञ स्थल पर मंत्रोच्चारण के बीच श्रद्धालुओं ने आस्था और भक्ति भाव से भाग लिया. स्थानीय युवाओं द्वारा कलशयात्रा में शामिल लोगों के लिए पेयजल की समुचित व्यवस्था की गयी, जिससे किसी प्रकार की असुविधा नहीं हुई. आयोजक दीपक यादव ने बताया कि अष्टयाम यज्ञ से गांव में आध्यात्मिक वातावरण और भक्ति का विशेष माहौल बना हुआ है. यज्ञ के समापन पर विसर्जन शोभायात्रा निकाली जाएगी. इससे पूर्व महाआरती और प्रसाद वितरण का आयोजन किया जाएगा, जिसमें सभी ग्रामीणों की सहभागिता सुनिश्चित की गयी है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By PANKAJ KUMAR SINGH

PANKAJ KUMAR SINGH is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >