Gidhaur Police Initiative: गिद्धौर से कुमार सौरभ की रिपोर्ट: सड़क सुरक्षा को लेकर लोगों को जागरूक करने के लिए गिद्धौर पुलिस ने एक नई और रचनात्मक पहल शुरू की है. अब पुलिस कविता के माध्यम से लोगों, खासकर स्कूली बच्चों को यातायात नियमों का महत्व समझा रही है. शुक्रवार को गिद्धौर थाना के अवर निरीक्षक पंकज कुमार सिंह ने ग्रेट बुद्धा इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल पहुंचकर छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और अभिभावकों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया और अपनी स्वलिखित कविता संग्रह विद्यालय प्रबंधन को भेंट की.
कविता के जरिए दिया सड़क सुरक्षा का संदेश
कार्यक्रम के दौरान अवर निरीक्षक पंकज Kumar Singh ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं का सबसे बड़ा कारण लापरवाही और यातायात नियमों की अनदेखी है. उन्होंने लोगों से बाइक चलाते समय हेलमेट पहनने, चार पहिया वाहन में सीट बेल्ट लगाने और ओवरस्पीडिंग से बचने की अपील की.
उन्होंने कहा कि यदि बच्चों को शुरू से ही ट्रैफिक नियमों के प्रति जागरूक किया जाये, तो वे अपने परिवार और समाज तक भी यह संदेश पहुंचा सकते हैं.
स्कूल में बच्चों ने दिखायी रुचि
विद्यालय परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने सड़क सुरक्षा से जुड़ी कविताओं और संदेशों को ध्यान से सुना. कई छात्र-छात्राओं ने भी ट्रैफिक नियमों को लेकर सवाल पूछे और सुरक्षा का संकल्प लिया.
विद्यालय के निदेशक संतोष कुमार सिंह ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि पुलिस का यह प्रयास बेहद सकारात्मक और प्रेरणादायक है. उन्होंने बताया कि विद्यालय की प्रार्थना सभा और कक्षा गतिविधियों में भी इस कविता संग्रह को शामिल किया जायेगा.
रचनात्मक पहल बनी चर्चा का विषय
गिद्धौर पुलिस की यह अनोखी पहल इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है. लोगों का कहना है कि सड़क सुरक्षा जैसे गंभीर मुद्दे को कविता और रचनात्मक माध्यम से जोड़ने से इसका प्रभाव बच्चों और युवाओं पर अधिक पड़ेगा.
कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं, छात्र-छात्राएं और बड़ी संख्या में अभिभावक मौजूद रहे. सभी ने सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने का संकल्प लिया.
