स्कूल से भागे चार मासूमों को जमुई रेल पुलिस ने किया बरामद, परिजनों को सौंपा

झारखंड के एक निजी आवासीय स्कूल से भागे चार मासूमों को जमुई जीआरपी ने सकुशल बरामद कर लिया.

बरहट . झारखंड के एक निजी आवासीय स्कूल से भागे चार मासूमों को जमुई जीआरपी ने सकुशल बरामद कर लिया. पूछताछ में बच्चों से मिली जानकारी के अनुसार उसके परिजनों को सूचना दी गयी. सभी बच्चों ने बताया कि पिछले दो वर्षों से वे सब निजी आवासीय विद्यालय में रहकर पढ़ाई करते हैं. बच्चे की सकुशल बरामदगी की सूचना पाकर परिजनों ने राहत की सांस ली तथा स्कूल प्रिंसिपल के साथ रात ही जीआरपी थाना पहुंच गये. कागजी प्रक्रिया के बाद बुधवार को रेल पुलिस ने सभी बच्चों को उनके परिजनों को सौंप दिया. जानकारी के अनुसार, बीते मंगलवार रात जीआरपी की स्कॉट टीम ने ट्रेन संख्या 3207 जसीडीह-पटना ईएमयू ट्रेन में नियमित जांच के दौरान चारों बच्चों को अकेले और घबराये अवस्था में देखा तो पूछताछ की. बच्चों ने बताया कि सभी एक ही गांव के एक स्कूल में पढाई करते हैं, किंतु स्कूल के संचालक उनपर चोरी का झूठा इल्जाम लगाकर मारपीट करते हैं. इस वजह से हम सभी बच्चे स्कूल से भागने का प्लान बनाया. मंगलवार को आठ बजे सुबह वे लोग अपने आवासीय परिसर से स्कूल जाने के क्रम में मौका देखकर भाग निकले. सबसे पहले वे लोग पोड़ैयाहाट से हंसडीहा फिर गोड्डा के बाद जसीडीह स्टेशन पहुंचे. इसके बाद वे लोग जसीडीह से पटना जाने वाली 3207 ईएमयू ट्रेन में बैठ गये जहां स्काॅट पार्टी की नजर पड़ी और उन्होंने सभी बच्चों को जीआरपी जमुई के सुपुर्द कर दिया.जमुई रेल थानाध्यक्ष के समक्ष बच्चों ने बताया कि स्कूल संचालक ने उन लोगों पर चोरी का झूठा इल्जाम लगाकर पिटाई की गयी थी. इसके साथ ही, नाले की सफाई करायी जाती थी. इस कारण सभी स्कूल से भागने का प्लान बनाया तथा मौका देखते ही भाग निकले. वहीं स्कूल संचालक ने इन आरोपों को निराधार बताया तथा कहा कि चोरी हुए पैसे बच्चे से बरामद किये गये थे. इस कारण डांट-डपट की थी. उन्होंने इसका सीसीटीवी भी उपलब्ध कराने की बात कही है. बहरहाल बच्चों की सकुशल वापसी से परिजनों सहित विद्यालय परिवार ने राहत की सांस ली है. इस संबंध में जीआरपी थानाध्यक्ष मनोज कुमार देव ने बताया कि बच्चे जसीडीह पटना ईएमयू ट्रेन से बरामद किए गये. कागजी प्रक्रिया के बाद सभी बच्चों को उनके परिजनों को सौंप दिया गया है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >