खैरा. पुलिस ने थाना क्षेत्र में जुआ खेलने वालों के खिलाफ बड़ा एक्शन लेते हुए चार जुआरियों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार चारों लोगों में दो सरकारी शिक्षक भी शामिल हैं. जानकारी के अनुसार पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए चारों लोगों को गिरफ्तार किया है. पुलिस को सूचना मिली थी कि खैरा शिव मंदिर के पीछे कचरा प्रसंस्करण इकाई के समीप जुआ खेला जा रहा है. इसके बाद थानाध्यक्ष मिंटू कुमार सिंह ने मौके पर छापेमारी की तथा चार लोगों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार चार लोगों में उत्क्रमित मध्य विद्यालय सिंगारपुर में पदस्थापित शिक्षक संजय यादव, उत्क्रमित मध्य विद्यालय नोनियाटांड़ के शिक्षक शिव कुमार शर्मा के अलावा खैरा निवासी दीपक मिश्रा और पप्पू साव भी शामिल है. थाना प्रभारी मिंटू कुमार ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी की गई थी, जिसमें चारों आरोपियों को रंगेहाथ जुआ खेलते पकड़ा गया. सभी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है. बताया जाता है कि यह अवैध गतिविधि काफी समय से गुपचुप तरीके से संचालित हो रही थी. सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष मिंटू कुमार ने दलबल के साथ मौके पर पहुंचकर पूरे मामले का भंडाफोड़ कर दिया, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया. स्थानीय लोगों में काफी आक्रोश देखने को मिल रहा है. लोगों का कहना है कि जिन शिक्षकों से बच्चों को अनुशासन और नैतिकता की शिक्षा मिलने की उम्मीद होती है, उनका इस तरह गैरकानूनी गतिविधियों में शामिल होना बेहद शर्मनाक है. शिक्षकों के इस कृत्य ने शिक्षा विभाग को भी शर्मनाक कर दिया है.
छापेमारी में दो शिक्षक समेत चार जुआरी गिरफ्तार
पुलिस ने थाना क्षेत्र में जुआ खेलने वालों के खिलाफ बड़ा एक्शन लेते हुए चार जुआरियों को गिरफ्तार किया है.
