जमुई. उत्पाद विभाग की टीम ने जिले में शराब तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग स्थानों से भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद की है. इस दौरान टीम ने एक टाटा इनोवा कार और एक बाइक जब्त करने के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है. उत्पाद विभाग की कार्रवाई से शराब तस्करों में हड़कंप मचा हुआ है. मद्य निषेध एवं उत्पाद अधीक्षक सुभाष कुमार ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर उत्पाद विभाग की टीम ने सिकंदरा थाना क्षेत्र के मिरचा गांव के समीप कार्रवाई की. जांच के दौरान एक टाटा इनोवा कार से 50 कार्टन में रखी करीब 432 लीटर विदेशी शराब बरामद की गयी. हालांकि, कार्रवाई के दौरान कार में सवार तस्कर मौके से भागने में सफल रहे. टीम ने शराब लदी इनोवा कार को जब्त कर लिया है.
बाइक के पीछे रखे बैग से मिली शराब
उत्पाद विभाग की दूसरी टीम ने लक्ष्मीपुर प्रखंड क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए झोंपा गांव निवासी दिनेश कुमार, पिता कमलेश्वरी प्रसाद यादव को गिरफ्तार किया. तलाशी के दौरान उसकी बाइक के पीछे रखे बड़े बैग से भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद की गयी. शराब के साथ बाइक को भी जब्त कर लिया गया. पूछताछ के दौरान गिरफ्तार दिनेश कुमार ने उत्पाद विभाग के अधिकारियों को बताया कि वह शराब देवघर से लेकर अपने घर जा रहा था. उत्पाद विभाग की टीम गिरफ्तार तस्कर से पूछताछ कर शराब तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाने में लगी है. मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है.
