जमुई. जिले में अवैध वसूली के खिलाफ प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाते हुए गुरुवार को व्यापक छापेमारी अभियान चलाया. एसडीओ सौरव कुमार के नेतृत्व में शहर के विभिन्न बस स्टैंड और प्रमुख स्थानों पर औचक निरीक्षण किया गया, जिसमें पांच लोगों को अवैध वसूली करते रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया. प्रशासन को सूचना मिली थी कि शहर के कई इलाकों में निर्धारित समयावधि समाप्त होने के बावजूद कुछ लोग जबरन वाहनों से पैसे वसूल रहे हैं. सूचना की पुष्टि के बाद एसडीओ ने तत्काल टीम गठित कर छापेमारी का निर्देश दिया. कार्रवाई के दौरान रजिस्ट्री कचहरी के समीप से एक, सतगामा मोड़ से एक, झाझा बस स्टैंड के समीप से दो तथा बोधवन तालाब क्षेत्र से एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया. सभी आरोपित वाहनों को रोककर अवैध रूप से वसूली कर रहे थे और निर्धारित दर से अधिक राशि की मांग कर रहे थे. मौके से कुछ रसीदें और नकदी भी बरामद की गई है, जिसकी जांच की जा रही है. एसडीओ सौरव कुमार ने कहा कि जिन स्थानों पर वसूली की समय सीमा समाप्त हो चुकी है, वहां किसी भी प्रकार की वसूली पूरी तरह गैरकानूनी है. इसके बावजूद अवैध उगाही की शिकायतें मिल रही थीं. उन्होंने स्पष्ट किया कि ऐसे मामलों में प्रशासन की जीरो टॉलरेंस नीति है और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी. छापेमारी टीम में बीडीओ अभिनव मिश्रा, सीओ निकेश कुमार, अरविंद कुमार समेत सशस्त्र बल के जवान शामिल थे. टीम ने विभिन्न स्थलों का निरीक्षण कर दस्तावेजों की भी जांच की. एसडीओ ने आम नागरिकों और वाहन चालकों से अपील की है कि यदि कहीं भी अवैध वसूली की शिकायत हो तो तत्काल प्रशासन के टोल फ्री नंबर 06345-220006 पर सूचना दें. उन्होंने कहा कि आगे भी इस तरह के औचक निरीक्षण जारी रहेंगे, ताकि शहर में कानून व्यवस्था मजबूत बनी रहे और अवैध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके.
अवैध वसूली के खिलाफ छापेमारी में पांच गिरफ्तार
जिले में अवैध वसूली के खिलाफ प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाते हुए गुरुवार को व्यापक छापेमारी अभियान चलाया.
