घर में लगी आग, दो लाख की संपत्ति राख

थाना क्षेत्र की टेलवा पंचायत अंतर्गत गौरी बहियार गांव में बुधवार को भीषण आग लगने से एक परिवार की खुशियां राख में बदल गयी.

सिमुलतला. थाना क्षेत्र की टेलवा पंचायत अंतर्गत गौरी बहियार गांव में बुधवार को भीषण आग लगने से एक परिवार की खुशियां राख में बदल गयीं. इस अगलगी की घटना में विनोद यादव एवं उनके भाइयों की करीब दो लाख रुपये की संपत्ति जल गयी. बताया जाता है कि जब तक चंद्रमंडी थाना से दमकल की गाड़ी मौके पर पहुंचती, तब तक आग विकराल रूप धारण कर सब कुछ तबाह कर चुकी थी. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग की शुरुआत विनोद यादव और गोपाल यादव के पक्के मकान के पीछे बने पुआल के गोहाल से हुई. पास में ही चचेरे भाई मथुरा यादव का गोहाल भी था, जिसमें मवेशी बंधे थे. देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और आसपास रखे पुआल के पुंज को अपनी चपेट में ले लिया. पक्के मकान के छज्जे पर रखे सूखे लकड़ी और पुआल के कारण आग तेजी से घर के अंदर तक फैल गई. आग की ऊंची लपटें देख गांव में अफरा-तफरी मच गई. ग्रामीणों ने साहस दिखाते हुए सबसे पहले गोहाल में बंधे मवेशियों को सुरक्षित बाहर निकाला. इसके बाद चापाकल और बाल्टियों के सहारे घंटों मशक्कत कर आग बुझाने का प्रयास किया गया. हालांकि इस दौरान घर का कुछ सामान ही बचाया जा सका, जबकि अंदर रखा अनाज, कपड़े, जेवरात और महत्वपूर्ण कागजात जलकर राख हो गये. ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि सूचना देने के बावजूद दमकल की गाड़ी देर से पहुंची, जिससे नुकसान अधिक हुआ. घटना के बाद पीड़ित परिवार सदमे में है. घर की महिलाओं का रो-रोकर बुरा हाल है. ग्रामीण सुजीत यादव ने बताया कि अगलगी में परिवार को भारी आर्थिक क्षति हुई है. सूचना मिलते ही अवर निरीक्षक पंकज कुमार मौके पर पहुंचे और नुकसान का जायजा लिया. फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By PANKAJ KUMAR SINGH

PANKAJ KUMAR SINGH is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >