औरंगाबाद में पदस्थापित सिकंदरा निवासी महिला दारोगा की सड़क हादसे में मौत

औरंगाबाद जिले के ढिबरा थाने में पदस्थापित व सिकंदरा प्रखंड के भुल्लो गांव निवासी एसआइ रिंकी कुमारी की बुधवार की रात सड़क हादसे में मौत हो गयी.

सिकंदरा. औरंगाबाद जिले के ढिबरा थाने में पदस्थापित व सिकंदरा प्रखंड के भुल्लो गांव निवासी एसआइ रिंकी कुमारी की बुधवार की रात सड़क हादसे में मौत हो गयी. यह हादसा औरंगाबाद नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत जीटी रोड (नेशनल हाईवे-19) पर पिपरडीह मोड़ के समीप हुआ. एसआइ रिंकी कुमारी बुधवार को सिपाही भीम कुमार के साथ केस डायरी जमा करने औरंगाबाद कोर्ट गयी थीं. कोर्ट कार्य निबटाने के बाद वे कुछ विभागीय कार्य से एसपी कार्यालय भी गयीं. रात करीब 9 बजे स्कूटी से दोनों ढिबरा थाने लौट रहे थे, तभी पिपरडीह मोड़ के पास एक बेकाबू ट्रक ने उनकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी. हादसे में एसआइ रिंकी कुमारी की मौके पर ही मौत हो गयी, जबकि सिपाही भीम कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना के बाद स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को सदर अस्पताल ले जाया गया. वहां डॉक्टरों ने एसआइ रिंकी कुमारी को मृत घोषित कर दिया. दिवंगत एसआई रिंकी कुमारी सिकंदरा प्रखंड अंतर्गत भूल्लो गांव निवासी दशरथ महतो की पुत्री थीं. उनका चयन वर्ष 2020 में दारोगा पद पर हुआ था. उनके पिता पश्चिम बंगाल के पुरुलिया में रहते हैं. रिंकी कुमारी एक बहन और एक भाई है. वह सबसे छोटी थीं और अभी अविवाहित थीं. हादसे की सूचना मिलने के बाद परिजन औरंगाबाद पहुंचे. गुरुवार को औरंगाबाद पुलिस लाइन में दिवंगत एसआइ को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया, जिसके बाद पार्थिव शरीर को उनके पैतृक गांव भूल्लो भेजा गया. मृतक एसआई रिंकी कुमारी का शव गांव पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया. अंतिम संस्कार से पूर्व भूल्लो स्थित आवास पर पहुंच कर एसडीपीओ सतीश सुमन ने श्रद्धाजंलि अर्पित की. वहीं जमुई पुलिस द्वारा भी गार्ड ऑफ ऑनर देकर एसआई रिंकी कुमारी को अंतिम विदाई दी गयी.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Amit kumar sinh

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >