महादलित बस्ती में पेयजल संकट, ग्रामीणों ने लगायी गुहार

प्रखंड की नुमर पंचायत के वार्ड संख्या 2 में नल-जल योजना की पानी आपूर्ति ठप पड़ जाने से महादलित बस्ती के लोगों की मुश्किलें बढ़ गयी हैं.

बरहट . प्रखंड के नुमर पंचायत के वार्ड संख्या 2 में नल-जल योजना की पानी आपूर्ति ठप पड़ जाने से महादलित बस्ती के लोगों की मुश्किलें बढ़ गयी हैं. दीपावली और छठ जैसे बड़े त्योहारों के बीच पानी की किल्लत ने ग्रामीणों के सामने संकट खड़ा कर दिया है. ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि गांव के कुछ दबंग प्रवृत्ति के लोगों ने योजना के ऑपरेटर पर दबाव डालकर पानी की सप्लाई बंद करवा दी है. इससे बस्ती के सभी नल सूख गए हैं. ग्रामीण मनीष कुमार दास, गणेश कुमार, कमलेश कुमार, मनीष भारती, भोला रविदास, रामचंद्र रविदास और बिरेंद्र दास ने बताया कि स्कूल के समीप स्थित नल-जल योजना की टंकी से बस्ती के लोगों को नियमित पानी मिलता था. लेकिन पिछले कुछ दिनों से सप्लाई पूरी तरह ठप है. त्योहारों के समय में घर की सफाई, बर्तन और कपड़ा धोने में भारी दिक्कत हो रही है. लोगों ने बताया कि गांव में जल निकासी की व्यवस्था भी पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है. जो नालियां बनी हैं, कूड़ा-कचरा से जाम है. वहीं, एनएच के पास बने सरकारी जल निकासी मार्ग पर कुछ लोगों ने कब्जा कर लिया है, जिससे जलजमाव की समस्या बनी रहती है. ग्रामीणों ने यह भी बताया कि मंदिर के समीप बने पानी के गड्ढे को कुछ लोगों ने मिट्टी डालकर बंद कर दिया. इस संबंध में प्रखंड विकास पदाधिकारी एसके पांडेय ने कहा कि उन्हें मामले की जानकारी नहीं है. लेकिन पानी सप्लाई बंद करना गलत है. उन्होंने आश्वासन दिया कि संबंधित पदाधिकारी को निर्देशित कर जल्द ही जलापूर्ति बहाल कराई जायेगी.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By PANKAJ KUMAR SINGH

PANKAJ KUMAR SINGH is a contributor at Prabhat Khabar.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >