जमुई. जिले के लिए गर्व की बात है. डीएम श्री नवीन को भारत निर्वाचन आयोग के मार्गदर्शन में राज्यस्तरीय बेस्ट इलेक्टोरल प्रैक्टिस अवार्ड–2025 से सम्मानित किया जायेगा. यह सम्मान उन्हें 16वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस (25 जनवरी 2026) के अवसर पर पटना स्थित अधिवेशन भवन, सिंचाई भवन परिसर में आयोजित समारोह में प्रदान किया जायेगा. जिला प्रशासन की ओर से मिली जानकारी के अनुसार, श्री नवीन को यह प्रतिष्ठित पुरस्कार निर्वाचन प्रक्रिया और प्रबंधन में उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन, पारदर्शी कार्यशैली व कर्तव्यनिष्ठ नेतृत्व के लिए दिया जा रहा है. उनके नेतृत्व में जिले में चुनाव प्रक्रिया को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराया गया. निर्वाचन के दौरान आईटी आधारित पहल, सुरक्षा प्रबंधन, चुनाव प्रबंधन और मतदाता जागरूकता अभियान को प्रभावी रूप से लागू करने में जिले ने उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की. इन्हीं कारणों से बिहार सरकार के निर्वाचन विभाग द्वारा राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर उन्हें प्रशस्ति पत्र व पुरस्कार राशि देकर सम्मानित किया जायेगा. इसी क्रम में जिले के चकाई विधानसभा क्षेत्र के निर्वाची पदाधिकारी-सह-भूमि सुधार उप समाहर्ता सुजीत कुमार को भी निर्वाचन प्रक्रिया में उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया जायेगा. यह उपलब्धि न केवल जिला प्रशासन के लिए, बल्कि पूरे जमुई जिले के लिए गौरव का विषय है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
