सरौन (जमुई) . चकाई भाग-1 की जिला परिषद सदस्य सलोमी मुर्मू ने चिहरा थाना में लिखित आवेदन देकर कुछ लोगों पर मारपीट, धमकी, रंगदारी मांगने तथा अन्य आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की है. आवेदन के अनुसार आरोपितों ने गाली-गलौज करते हुए उनके पति अनिल कुमार गौतम के साथ मारपीट की. आरोप है कि आरोपितों ने बिना लेवी या कमीशन दिए मकान और स्कूल निर्माण करने पर आपत्ति जताई. सलोनी मुर्मू का आरोप है कि आरोपियों द्वारा 20 लाख रुपये रंगदारी की मांग की गई. विरोध करने पर दोनों को जान से मारने, जमीन में गाड़ देने तथा निर्माण कार्य बंद कराने की धमकी दी गई. आवेदन में यह भी आरोप लगाया गया है कि आरोपितों ने जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए अपमानित किया तथा कहा कि बिना उनकी अनुमति के यहां निर्माण कार्य नहीं होने दिया जाएगा.
पुलिस से दोषियों पर कार्रवाई की मांग
सलोमी मुर्मू के अनुसार हंगामा होने पर आसपास के लोग जुट गए, जिसके बाद आरोपित वहां से चले गए, लेकिन जाते-जाते फिर से जान से मारने की धमकी दी. जिला परिषद सदस्य ने आवेदन में कहा है कि उन्हें और उनके परिवार को जान-माल का खतरा है. उन्होंने चिहरा थाना पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर प्राथमिकी दर्ज करने, दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने तथा परिवार को सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है. वहीं इस संबंध में चिहरा थाना अध्यक्ष रिंकू रजक ने बताया कि आवेदन प्राप्त हुआ है. प्रथम दृष्टया मामला जमीनी विवाद से जुड़ा प्रतीत होता है. आवेदन के आलोक में जांच-पड़ताल की जा रही है. जांच के बाद जो तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी.
ALSO READ : 36वीं बिहार राज्य ताईक्वांडो चैंपियनशिप में झाझा के 17 खिलाड़ी दिखाएंगे दम
