चकाई में भाकपा माले की बैठक, 10 अगस्त को सीओ का पुतला दहन करने का निर्णय

चकाई प्रखंड में भाकपा माले ने 10 अगस्त को जमुई कचहरी चौक पर चकाई अंचलाधिकारी का पुतला दहन करने का निर्णय लिया है. यह विरोध अवैध भूमि जमाबंदी के मुद्दे पर हो रहा है.

सरौन (जमुई) . भाकपा माले प्रखंड कमेटी चकाई की बैठक गुरुवार को भलसुम्भा लोकल कमेटी कार्यालय में आयोजित हुई. बैठक में पर्यवेक्षक के रूप में जिला सचिव कॉमरेड शंभूशरण सिंह एवं भाकपा माले राज्य कमेटी सदस्य बाबू साहब सिंह उपस्थित रहे. बैठक की अध्यक्षता प्रखंड सचिव मनोज कुमार पाण्डेय ने की. बैठक में निर्णय लिया गया कि चकाई प्रखंड में अखिल भारतीय किसान महासभा के पांच हजार नए सदस्य बनाए जाएंगे. इसके अलावा बोंगी पंचायत के सिमराढाब, पथरिया, अमताहा, बघरैया एवं खूँटीटांड़ में लगभग 500 एकड़ भूमि की कथित अवैध जमाबंदी के मुद्दे पर भी विस्तार से चर्चा की गई.

सीओ के खिलाफ विरोध-प्रदर्शन का निर्णय

बैठक में बताया गया कि इस मामले को लेकर भाकपा माले प्रखंड इकाई ने 24 जुलाई को चकाई अंचल कार्यालय के समक्ष एकदिवसीय धरना-प्रदर्शन किया था. उस समय चकाई के राजस्व पदाधिकारी (आरओ) ने एक सप्ताह के भीतर कथित अवैध जमाबंदी निरस्त करने के लिए जिला प्रशासन को प्रस्ताव भेजने का आश्वासन दिया था. बैठक में आरोप लगाया गया कि अब तक इस दिशा में कोई कार्रवाई नहीं हुई और प्रशासन टाल-मटोल का रवैया अपना रहा है. इसी को लेकर बैठक में निर्णय लिया गया कि 10 अगस्त को जमुई कचहरी चौक पर चकाई अंचलाधिकारी के खिलाफ विरोध-प्रदर्शन करते हुए उनका पुतला दहन किया जाएगा.

गरीबों पर हो रहा है अन्याय : शंभूशरण

बैठक को संबोधित करते हुए जिला सचिव शंभूशरण सिंह ने आरोप लगाया कि बिहार में अपराधियों, माफियाओं और कुछ अधिकारियों के गठजोड़ के कारण गरीबों पर अन्याय हो रहा है. उन्होंने कहा कि जनता एकजुट होकर इसका लोकतांत्रिक तरीके से जवाब देगी. बैठक में कालू मरांडी, संजय कुमार राय, प्रदीप मंडल, मोहम्मद सलीम अंसारी, खुबलाल राणा, राहुल कुमार यादव, रुपन साह, फुचन टूडू, सीताराम यादव एवं मतला मरांडी सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित थे.

ALSO READ : जिप सदस्य ने की मारपीट व रंगदारी मांगने की शिकायत, पुलिस बोली- जमीन विवाद का मामला


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By श्याम सिंह तोमर

श्याम सिंह तोमर प्रिंट माध्यम में 15 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. सरौन (जमुई) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. सामाजिक गतिविधि, खेल, इतिहास और राजनीतिक गतिविधियों की खबरों में रुचि रखते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >