नवादा-सिकंदरा मुख्य मार्ग की बदहाली के खिलाफ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने रविवार को अनोखे अंदाज में विरोध प्रदर्शन किया. अलीगंज, आढ़ा और चंद्रदीप क्षेत्र में जर्जर सड़क पर जगह-जगह बने गड्ढों में जलजमाव के बीच कार्यकर्ताओं ने धान रोपकर सरकार और संबंधित विभाग के खिलाफ आक्रोश जताया. प्रदर्शन का नेतृत्व कांग्रेस के पूर्व जिला महासचिव राजेश पासवान ने किया.
सड़क और खेत में अंतर करना मुश्किल
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सड़क पर जमकर नारेबाजी की और मुख्य मार्ग की अविलंब मरम्मत कराने की मांग की. कार्यकर्ताओं ने कहा कि सड़क की स्थिति इतनी बदहाल हो चुकी है कि बारिश के बाद सड़क और खेत में अंतर करना मुश्किल हो जाता है. जगह-जगह बने बड़े गड्ढों में पानी जमा होने से राहगीरों और वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. साथ ही दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है.
विकास के दावों पर कांग्रेस ने उठाए सवाल
पूर्व जिला महासचिव राजेश पासवान ने कहा कि जर्जर नवादा-सिकंदरा मुख्य मार्ग डबल इंजन सरकार के विकास के दावों की पोल खोल रहा है. थोड़ी सी बारिश होते ही सड़क जलमग्न हो जाती है. सड़क पर बने बड़े-बड़े गड्ढे राहगीरों और वाहन चालकों के लिए परेशानी का सबब बने हुए हैं. उन्होंने कहा कि इस मार्ग से प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग आवागमन करते हैं, इसके बावजूद संबंधित विभाग सड़क की मरम्मत को लेकर गंभीर नहीं है.
जनप्रतिनिधियों पर भी साधा निशाना
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने स्थानीय सांसद और विधायक पर भी जनता की समस्याओं की अनदेखी करने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि सोशल मीडिया पर रील बनाने में व्यस्त हैं, जबकि आम लोग जर्जर सड़क पर आवागमन की समस्या झेलने को मजबूर हैं. कार्यकर्ताओं ने सरकार और संबंधित विभाग से सड़क की तत्काल मरम्मत कराने की मांग की.
जल्द मरम्मत नहीं हुई तो आंदोलन तेज करने की चेतावनी
कांग्रेस प्रखंड अध्यक्ष मकेश्वर यादव ने कहा कि निंद्रा में सोई सरकार को जगाने के लिए कांग्रेस जनता की समस्याओं को लेकर सड़क पर उतरती रहेगी. उन्होंने कहा कि यदि जल्द सड़क की मरम्मत नहीं करायी गयी, तो पार्टी कार्यकर्ता आंदोलन को और तेज करेंगे.
प्रदर्शन देखने के लिए जुटी लोगों की भीड़
सड़क पर धान रोपकर किए गए इस अनोखे प्रदर्शन को देखने के लिए आसपास के लोगों की भीड़ जुट गयी. कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा कि सड़क की बदहाली के कारण आए दिन दुर्घटना की आशंका बनी रहती है. बरसात के दिनों में स्थिति और गंभीर हो जाती है. ऐसे में सड़क की जल्द मरम्मत कराकर लोगों को राहत दी जानी चाहिए.
इस दौरान अनुसूचित जाति प्रखंड अध्यक्ष अनिल दास, रंजीत सिंह, अवधेश यादव, मो. इत्तियाक, विक्रम सिंह, शंभू यादव, चंदेश्वर रविदास, अशोक कुमार समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद थे.
