चकाई . छठ पूजा समिति चकाई बाजार की और से छठ एवं गोशाला मेला की तैयारी शुरू कर दी गयी है. इसको लेकर गोशाला मेला में लगने वाले दर्जनों देवी देवताओं एवं भगवान भास्कर के मूर्ति निर्माण में मूर्तिकार जुट गये हैं. इस बारे में विस्तार से जानकारी देते हुए छठ पूजा समिति के अध्यक्ष नंदकिशोर गुप्ता उर्फ पपू ने बताया कि छठ पूजा पर आयोजित होने वाले गोशाला मेले को लेकर तैयारी शुरू हो गयी है. मूर्ति निर्माण के कार्य में मूर्तिकार दो दिन पहले यानि बुधवार से ही लग चुके हैं. वहीं छठ पूजा एवं गोशाला मेले की तैयारी को लेकर इसी सप्ताह में पूजा समिति की और से एक आवश्यक बैठक बुलाई गयी है जिसमें छठ घाट की साफ सफाई, गोशाला मेले की जमीन का समतलीकरण, इस मौके पर होने वाले खर्च की व्यवस्था सहित अन्य जरूरी कार्यों पर बैठक में विचार विमर्श किया जायेगा. वहीं सचिव बजरंगी गुप्ता ने बताया कि इस वर्ष छठ पूजा व गोशाला मेला का आयोजन और भी भव्य तरीके से करने का निर्णय छठ पूजा समिति द्वारा लिया गया है. इस मौके पर श्रद्धालुओं के मनोरंजन के लिए कई आकर्षक आइटम जैसे बिजली चलित तारामाची, ब्रेक डांस, झूला, कठपुतली नृत्य, कठघोड़वा लगाया जा रहा है. इसके अलावे भजन संध्या का भी आयोजन किया जायेगा. मालूम हो कि पिछले 13 वर्षो से छठ पूजा के पावन अवसर पर छठ पूजा समिति चकाई बाजार द्वारा नावा आहर छठ घाट पर 5 दिवसीय गोशाला मेले का आयोजन किया जाता रहा है. इस मौके पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु नावा आहर पर बने सूर्य मंदिर में पूजा अर्चना क़र मेला का लुफ्त उठाते हैं तथा मेला परिसर में लगे दर्जनों देवी देवताओं की मूर्तियों की पूजा अर्चना का आनंद उठाते हैं.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
