खेल-खेल में लगी आग, भाई-बहन की जिंदा जलने से मौत

स्थानीय थाना क्षेत्र के दुर्गम जंगली स्थान कुमरतरी में आग की चपेट में आने से भाई-बहन की मौत हो गयी. मृतक की पहचान गांव के अनीता कुमारी 6 वर्ष व मनीष कुमार 2 वर्ष के रूप में की गयी है.

बरहट. स्थानीय थाना क्षेत्र के दुर्गम जंगली स्थान कुमरतरी में आग की चपेट में आने से भाई-बहन की मौत हो गयी. मृतक की पहचान गांव के अनीता कुमारी 6 वर्ष व मनीष कुमार 2 वर्ष के रूप में की गयी है. घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया. घटना की जानकारी पाकर ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे व काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक दोनों भाई बहन की मौत हो चुकी थी. घटना बीते शुक्रवार की देर शाम हुई बताई जा रही है. ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार, पीड़ित का गांव व नदी के बीच खलिहान पर पुआल की झोपड़ी बनी थी. दोपहर बाद मृतका की मां झोपड़ी में अपने छोटे बच्चे को सुलाकर अपने एक बेटी व बेटे को छोड़ बर्तन धोने नदी चली गयी थी. कयास लगाया जा रहा है कि उसी झोपड़ी में माचिस था और खेल-खेल में बच्चों ने माचिस जला दिया, जो झोपड़ी में पकड़ गया. जिसकी चपेट में पहले सोया भाई आ गया. भाई को आग में घिरा देख उसकी बहन उसे बचाने पहुंची, लेकिन तब तक आग ने विकराल रूप धारण कर लिया. जिसकी चपेट में दोनों भाई बहन आ गये. एक भाई दौड़कर नदी की ओर गया व मां को जानकारी दी. खलिहान में आग की लपट को उठते देख स्थानीय ग्रामीण भी दौड़े पहुंचे व काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया. आग बुझने के बाद ग्रामीण बच्चों को बाहर लाये, लेकिन तब तक दोनों बच्चों की मौत हो चुकी थी. ग्रामीणों ने शनिवार को इसकी सूचना मुखिया व बरहट थानाध्यक्ष को दी. घटना की जानकारी मिलते ही बरहट थानाध्यक्ष कुमार संजीव दल बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे व दोनों शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भिजवाया. बरहट मुखिया भी अपने प्रतिनिधि को घटनास्थल पर भेज पीड़ित परिजन को ढांढस बंधाया व कबीर अंत्येष्टि योजना के तहत आर्थिक मदद की. वहीं इस संबंध में सीओ मयंक अग्रवाल ने पीड़ित परिजनों को आपदा राहत कोष से मुआवजा दिलाए जाने की बात कही है. बरहट थानाध्यक्ष कुमार संजीव ने बताया कि घटना की जानकारी पाकर मौके पर पहुंच शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया व पोस्टमार्टम करा शव को परिजनों को सौंप दिया. उन्होंने झोपड़ी में आग लगने के कारण मौत होने की बात कही है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By PANKAJ KUMAR SINGH

PANKAJ KUMAR SINGH is a contributor at Prabhat Khabar.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >