जमुई जिले के खैरा प्रखंड अंतर्गत गरही थाना क्षेत्र के दिपाकरहर गांव में दबंगों द्वारा घर में घुसकर मारपीट करने और एक 10 वर्षीय मासूम बच्चे के पैर पर फरसा से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है. घटना को लेकर पीड़िता ने गरही थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराते हुए 8 नामजद लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है.
गोलबंद होकर घर में घुसे, मासूम पर फरसा से किया हमला
दीपाकरहर गांव निवासी पीड़िता कविता देवी (पति: अरुण रविदास) ने गरही थाने में दिए आवेदन में बताया कि गांव के ही मदन राणा, नीतीश कुमार, अगनी देवी, अनिता देवी, आरती देवी, सुकर राणा, शंकर साव और कौशल्या देवी ने गोलबंद होकर अचानक उनके घर में चढ़ाई कर दी. आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट शुरू कर दी. इसी दौरान आरोपियों ने कविता देवी के 10 वर्षीय मासूम बेटे के पैर पर फरसा से वार कर दिया, जिससे बच्चा लहूलुहान होकर मौके पर गिर पड़ा.
सिर पर पिस्तौल सटाकर दी जान से मारने की धमकी
पीड़िता कविता देवी ने आरोप लगाया है कि मारपीट के दौरान रोपावेल निवासी शंकर साव ने उनके सिर पर पिस्तौल सटा दी. आरोपी ने धमकी दी कि यदि इस मामले की शिकायत पुलिस या थाने में की, तो पूरे परिवार को जान से मार दिया जाएगा. इस खौफनाक घटना के बाद से पूरा पीड़ित परिवार दहशत के साये में जीने को मजबूर है. पीड़िता ने पुलिस से परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने और दोषियों को तत्काल गिरफ्तार करने की गुहार लगाई है.
पुलिस मामले की जांच में जुटी
गरही थाना पुलिस ने पीड़िता के लिखित आवेदन के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दिए गए आवेदन की जांच की जा रही है और घायल बच्चे का इलाज कराया गया है. मामले में शामिल सभी नामजद आरोपियों के खिलाफ जांचोपरांत कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
