सिकंदरा चौक पर दर्दनाक सड़क हादसा, सरस्वती पूजा के लिए प्रसाद खरीदने आये थे तीनों युवक सिकंदरा. सिकंदरा मुख्य चौक पर जगदंबा मंदिर के समीप शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में ट्रक से कुचलकर एक युवक की मौके पर ही मौत हो गयी, जबकि उसके साथ बाइक पर सवार दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गये. मृतक की पहचान हलसी थाना क्षेत्र के घोंघसा गांव निवासी यदुवंश सिंह के पुत्र सत्यम कुमार के रूप में हुई. घायल युवकों में उसी गांव के रोशन भारती और मोनू कुमार शामिल हैं, जिन्हें गंभीर अवस्था में इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है. प्राप्त जानकारी के अनुसार, तीनों युवक शुक्रवार को सरस्वती पूजा पर प्रसाद खरीदने के लिए बाइक से सिकंदरा बाजार आये थे. बाजार से प्रसाद खरीद कर लौटने के दौरान सिकंदरा चौक स्थित जगदंबा मंदिर के समीप ट्रक ने उनकी बाइक को अपनी चपेट में ले लिया. इस दौरान ट्रक का टायर सत्यम कुमार के सर पर चढ़ गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अन्य दो युवक हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गये. हादसे की सूचना मिलते ही सिकंदरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया. पुलिस ने मृतक के शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जमुई भेज दिया. इस संबंध में सिकंदरा थानाध्यक्ष विकास कुमार सिंह ने बताया कि ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार एक युवक की मौत हुई है, जबकि दो अन्य युवक घायल हुए हैं. हादसे में शामिल ट्रक को जब्त कर लिया गया है. पुलिस द्वारा आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है. घटना की जानकारी मिलते ही मृतक के गांव घोंघसा में मातम पसर गया. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. सरस्वती पूजा की खुशी अचानक गम में बदल गयी. वहीं, स्थानीय लोगों ने सिकंदरा चौक पर लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं को लेकर प्रशासन से ठोस कदम उठाने की मांग की है. स्थानीय लोगों ने सड़क के किनारे लगने वाले ऑटो-टोटो व ठेला को हटाने की मांग की है, ताकि दुर्घटना की संभावना को कम किया जा सके.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
