जमुई के गरही डैम में नहाने के दौरान हादसा, दोस्त को बचाने कूदा युवक भी डूबा, दो की मौत से मचा कोहराम

Bihar News: जमुई के गरही डैम में नहाने के दौरान हुए दर्दनाक हादसे में दो युवकों की डूबकर मौत हो गई. एक दोस्त को बचाने के लिए कूदे दूसरे युवक की भी जान चली गई.

Bihar News: जमुई जिले के खैरा थाना क्षेत्र के गरही डैम में शनिवार को एक दर्दनाक हादसा सामने आया. नवादा जिले के कौआकोल थाना क्षेत्र के इतपकवा गांव के रहने वाले छह दोस्त यहां घूमने आए थे. घूमने के दौरान कुछ युवक डैम में नहाने उतर गए, लेकिन यह मस्ती कुछ ही पलों में मातम में बदल गई.

मिली जानकारी के अनुसार, 18 वर्षीय मो. अफजल अंसारी नहाने के दौरान अचानक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा. यह देखकर उसका दोस्त 21 वर्षीय मो. समीर अंसारी उसे बचाने के लिए पानी में कूद पड़ा. लेकिन अफजल को बचाने के प्रयास में समीर भी गहरे पानी में चला गया और दोनों डूब गए.

दोस्तों के सामने हुआ हादसा

मौके पर मौजूद उनके दोस्त मो. शाहबाज, मो. आदिल और मो. अयान ने बताया कि सभी लोग साथ में नहा रहे थे. उन्होंने बताया कि अचानक अफजल डूबने लगा, जिसे बचाने के लिए समीर ने जान की परवाह किए बिना पानी में छलांग लगा दी. लेकिन कुछ ही पलों में दोनों पानी के अंदर गायब हो गए.

नाविकों और स्थानीय लोगों ने चलाया रेस्क्यू

घटना के बाद अन्य दोस्तों ने शोर मचाया, जिसके बाद आसपास के लोग और नाविक मौके पर पहुंचे. करीब एक घंटे तक लगातार खोजबीन की गई. कड़ी मशक्कत के बाद दोनों युवकों को पानी से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी.

मौके पर जुटी भीड़, पुलिस ने संभाला मोर्चा

घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग डैम पर जमा हो गए. सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया. साथ ही, मृतकों के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है.

(जमुई से गुलशन कश्यप की रिपोर्ट)

Also Read: जानकी नवमी पर पुनौराधाम पहुंचे CM सम्राट चौधरी, बोले- 31 दिसंबर 2028 तक सीता मंदिर का काम होगा पूरा

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Abhinandan Pandey

अभिनंदन पांडेय डिजिटल माध्यम में पिछले 2 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. बंसल न्यूज (MP/CG) और दैनिक जागरण जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में अनुभव लेते हुए अब प्रभात खबर तक का मुकाम तय किए हैं. अभी डिजिटल बिहार टीम में काम कर रहे हैं. सामाजिक-राजनीतिक नब्ज को करीब से समझने का प्रयास करते हैं. देश-विदेश की घटनाओं, बिहार की राजनीति, और किस्से-कहानियों में विशेष रुचि रखते हैं. डिजिटल मीडिया के नए ट्रेंड्स, टूल्स और नैरेटिव स्टाइल्स के साथ प्रयोग करना पसंद है.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >