जमुई. नक्सल प्रभावित क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करते हुए सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की 16वीं वाहिनी ने शनिवार को बड़ी सफलता हासिल की. गुप्त सूचना के आधार पर चलाये गये सघन डी-माइनिंग व सर्च ऑपरेशन के दौरान सुरंगी गांव की पहाड़ियों से अवैध हथियार व कारतूस बरामद किये गये. यह कार्रवाई कार्यवाहक कमांडेंट शैलेश कुमार सिंह के निर्देश पर उप कमांडेंट गोविंद कुमार के नेतृत्व में की गयी. टीम में कंपनी कमांडर इंस्पेक्टर वाल्मीकि मुनी प्रकाश समेत अन्य जवान शामिल थे. ऑपरेशन चंद्रमंडी थाना क्षेत्र के सिमलतुला स्थित कैंप से करीब 18 किलोमीटर दूर सुरंगी के पहाड़ी और जंगली इलाके में चलाया गया. करीब साढ़े तीन घंटे तक चले सघन तलाशी अभियान के बाद दोपहर 12:10 बजे जवानों को सफलता मिली. घने जंगल में बड़े पत्थरों के बीच छिपाकर रखे गए हथियारों का जखीरा बरामद किया गया.
बरामद सामान
03 कट्टा (विभिन्न लंबाई के), 05 जिंदा कारतूस (12 बोर), 08 खाली कारतूस (खोखा), 03 राउंड कारतूस (7.62 एमएम)सुरक्षा बलों ने सभी हथियारों और गोला-बारूद को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए चंद्रमंडीह थाने को सौंप दिया है. इस सफल कार्रवाई से क्षेत्र में सक्रिय असामाजिक तत्वों के मंसूबों पर पानी फिर गया है. एसएसबी और स्थानीय पुलिस ने इलाके में गश्त और सतर्कता बढ़ा दी है, ताकि किसी भी आपराधिक गतिविधि को समय रहते रोका जा सके.
