कला, विज्ञान व वाणिज्य की परीक्षा में 8090 परीक्षार्थी हुए शामिल

बिहार विद्यालय परीक्षा समिति के निर्देशानुसार जिले के 35 परीक्षा केंद्रों पर सोमवार को इंटरमीडिएट (कला, विज्ञान एवं वाणिज्य) की परीक्षा का आयोजन शांतिपूर्ण एवं कदाचारमुक्त माहौल में किया गया.

जमुई . बिहार विद्यालय परीक्षा समिति के निर्देशानुसार जिले के 35 परीक्षा केंद्रों पर सोमवार को इंटरमीडिएट (कला, विज्ञान एवं वाणिज्य) की परीक्षा का आयोजन शांतिपूर्ण एवं कदाचारमुक्त माहौल में किया गया. परीक्षा के पहले दिन दोनों पालियों को मिलाकर कुल 8090 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हुए, जबकि 144 परीक्षार्थी अनुपस्थित पाए गए. जिला शिक्षा पदाधिकारी दयाशंकर ने बताया कि प्रथम पाली में सुबह 9:30 बजे से दोपहर 12:45 बजे तक जीव विज्ञान एवं दर्शनशास्त्र की परीक्षा आयोजित की गयी. इस पाली में 7528 परीक्षार्थियों के पंजीकरण के मुकाबले 7406 परीक्षार्थी उपस्थित हुए, जबकि 122 अनुपस्थित रहे. वहीं द्वितीय पाली में अपराह्न 2:00 बजे से संध्या 5:15 बजे तक अर्थशास्त्र विषय की परीक्षा ली गई, जिसमें 706 परीक्षार्थियों में से 684 परीक्षार्थी शामिल हुए और 22 अनुपस्थित पाये गये. उन्होंने बताया कि जिले के 35 परीक्षा केंद्रों पर कुल 21,935 परीक्षार्थियों के बैठने की व्यवस्था की गयी है. परीक्षा केंद्र में प्रवेश से पूर्व सभी परीक्षार्थियों के एडमिट कार्ड का चेहरे से मिलान किया गया, इसके बाद ही उन्हें केंद्र के अंदर प्रवेश की अनुमति दी गयी. परीक्षा कक्ष में प्रवेश से पहले सभी परीक्षार्थियों की सघन जांच की गई. छात्राओं की जांच के लिए परीक्षा केंद्रों पर अस्थायी कक्ष बनाए गए थे, जहां महिला दंडाधिकारी एवं वीक्षक द्वारा जांच की गयी. परीक्षा केंद्र के भीतर किसी भी परीक्षार्थी को चिट, पर्ची या इलेक्ट्रॉनिक उपकरण लेकर प्रवेश की अनुमति नहीं दी गयी. वहीं वीक्षकों के लिए भी मोबाइल फोन ले जाना पूरी तरह वर्जित रहा. विधि-व्यवस्था एवं शांति बनाये रखने के लिए सभी केंद्रों पर पर्याप्त संख्या में दंडाधिकारी एवं पुलिस बल की तैनाती की गई थी. कई वरीय अधिकारियों ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा भी लिया. कदाचारमुक्त परीक्षा सुनिश्चित करने के लिए सभी परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए थे. दोनों पालियों की परीक्षा में किसी भी परीक्षार्थी को कदाचार के आरोप में निष्कासित नहीं किया गया.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >