चंद्रमंडीह . चकाई प्रखंड में शराब तस्करों के खिलाफ पुलिस ने बीते सोमवार की देर रात बड़ी कार्रवाई की है. इस दौरान चंद्रमंडीह और चिहरा थाना पुलिस ने दो अलग-अलग अभियानों में एक होंडा सिटी लग्जरी कार और दो स्प्लेंडर बाइक से भारी मात्रा में विदेशी शराब जब्त की है. पहली घटना चंद्रमंडीह थाना क्षेत्र की है. थानाध्यक्ष गजेंद्र कुमार को गुप्त सूचना मिली थी कि बामदह बाजार के रास्ते शराब की खेप जा रही है. पुलिस ने जब संदिग्ध कार का पीछा किया तो तस्कर कार को बाजार के समीप झाड़ियों में छिपाकर अंधेरे का फायदा उठाते हुए फरार हो गया. पुलिस ने जब कार कि तलाशी ली तो उसमें से विभिन्न ब्रांड का कुल 779 बोतल शराब बरामद किया गया. बरामद कुल शराब 309 लीटर है. पुलिस ने वाहन मालिक और अज्ञात तस्करों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर ली है. इस अभियान में अवर निरीक्षक नंदन कुमार सहित सशस्त्र बल के जवान शामिल थे. वहीं दूसरी कार्रवाई चिहरा थाना पुलिस ने की. सर्किल इंस्पेक्टर अरुण कुमार ने बताया कि गुप्त सूचना पर थाना क्षेत्र के सिमराढाब चौक के पास नाकेबंदी की गयी थी. इस दौरान दो स्प्लेंडर बाइक से 84 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद की गयी. मौके से पुलिस ने मौके से दो तस्करों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार तस्कर की पहचान सोनो के सुबोल कुमार और भेलवाघाटी के अनिल यादव के रूप में हुई है. इस बाबत थानाध्यक्ष रिंकू रजक ने बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया गया है. पुलिस की इस दोहरी कार्रवाई से शराब माफियाओं में हड़कंप मच गया है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
