पटना-हटिया पाटलिपुत्र एक्सप्रेस में लूटपाट, अपराधियों ने 40 मिनट तक ट्रेन खड़ी कर मचाया तांडव

जमुई: किउल-झाझा रेलखंड पर बेखौफ अपराधियों ने एक बार फिर ट्रेन लूट की घटना को अंजाम दिया है. अपराधियों ने मंगलवार को 18622 डाउन पटना-हटिया पाटलिपुत्र एक्सप्रेस को कुंदर हॉल्ट पर आधे करीब 40 मिनट से अधिक समय तक खड़ा कर जम कर लूटपाट की है. इस दौरान अपराधियों ने मुख्यतः ट्रेन की ए1 और […]

जमुई: किउल-झाझा रेलखंड पर बेखौफ अपराधियों ने एक बार फिर ट्रेन लूट की घटना को अंजाम दिया है. अपराधियों ने मंगलवार को 18622 डाउन पटना-हटिया पाटलिपुत्र एक्सप्रेस को कुंदर हॉल्ट पर आधे करीब 40 मिनट से अधिक समय तक खड़ा कर जम कर लूटपाट की है. इस दौरान अपराधियों ने मुख्यतः ट्रेन की ए1 और ए 2 एसी बोगी के साथ ही अन्य कई बोगियों को भी निशाना बना कर लूटपाट की है.

ट्रेन में यात्रा कर रहे यात्रियों ने बताया कि ट्रेन 19:11 बजे भलुई हॉल्ट से खुली तथा कुंदर हॉल्ट के समीप पहुंचते ही पहले ट्रेन को किसी ने वैक्यूम कर खड़ा किया. इसके बाद 25 की संख्या में हथियारबंद अपराधी ट्रेन में चढ़े. इसमें से कुछ महिलाएं भी शामिल थी. उनके पास कुल्हाड़ी, भुजाली, डंडा समेत अन्य हथियार भी थे. इस दौरान अपराधियों ने मुख्य रूप से ट्रेन की एसी बोगी में यात्रा कर रहे लोगों को निशाना बनाया तथा उनके साथ मारपीट भी और लूटपाट भी की. इसमें कई यात्री चोटिल भी हो गये. जिसके कारण करीब 40 मिनट बाद ट्रेन कुंदर हॉल्ट से खुली और 20:25 बजे जमुई स्टेशन पर आकर रुकी.

इसके बाद घायल लोगों के उपचार के लिए चिकित्सक उपलब्ध नहीं होने के कारण उन्होंने हंगामा भी किया. इस दौरान पटना से जसीडीह यात्रा कर रहे जितेंद्र सिंह गंभीर रूप से घायल हो गये. ये अपने परिवार के साथ सफर कर रहे थे. इन्हें बाद में झाझा भेज दिया गया. ट्रेन जमुई स्टेशन पर 10 मिनट तक खड़ी रही. इसके बाद 20:25 बजे ट्रेन को खोल दिया गया. वैसे लूटपाट की घटना में महिलाओं के शामिल होने से लोग इसे नक्सली घटना होने से भी इन्कार नहीं कर रहे.

एयर टाइट हो गये थे लोग, रुकी हुई थी सांसें
जमुई. हटिया-पटना पाटलिपुत्र एक्सप्रेस में जिस दौरान अपराधी ट्रेन के एसी बोगी में तांडव मचा रहे थे, इस दौरान ट्रेन के अन्य हिस्सों में लोगों में डर इस कदर फैल चुका था कि लोगों ने खुद को एयरटाइट कर लिया था. ट्रेन की एक अन्य बोगी में यात्रा कर रहे एक अन्य यात्री ने बताया कि ट्रेन रुकने के बाद हमलोगों को सूचना मिली थी कि ट्रेन में लूटपाट हो रही है. जिसके बाद लोग डर गए. लोगों में डर इस कदर फैल चुका था कि लोगों की सांसे रुकी हुई थी. हमने अपने कोच के दरवाजे और खिड़कियां पूरी तरह से बंद कर ली. एक-एक मिनट मानो एक-एक घंटे की तरह बीत रहा था. हमने इसकी सूचना पुलिस को भी दी पर आधे पुलिस नहीं आयी.

किउल-जसीडीह रेलखंड पर रात में यात्रा करने से घबराते हैं यात्री
जमुई. किउल-झाझा-जसीडीह रेलखंड पर अपराधियों का आतंक जारी है. इस रेलखंड पर रात में यात्री भय के बीच यात्रा करते हैं. किउल-झाझा रेलखंड़ के वंशीपुर, मननपुर, भलुई एवं कुंदर हॉल्ट पर कई बार रेल यात्रियों से लूटपाट हुई. कई यात्रियों ने जीआरपी में मामला दर्ज कराया तो कई ने मामला दर्ज कराना मुनासीब नहीं समझा. यहां बता दें कि इस रूट पर दिन में भी सफर करना यात्रियों के लिए काफी कठिनाई भरा होता है. बताते चलें कि अभी कुछ हफ्ते पहले ही उक्त मार्ग पर कुंदर हॉल्ट के समीप भी कुछ रेलयात्रियों के साथ अपराधियों ने लूटपाट व मारपीट की थी. इस घटना में मननपुर निवासी दो लोग जख्मी हो गए थे.
इससे पूर्व भी वर्ष 2014 में कुंदर हाल्ट पर दिन के उजाले में नक्सलियों ने इंटरसीटी पर हमला बोल दिया था. इसके बाद कई बार एक्सप्रेस ट्रेन को भी अपना निशाना बनाया है. इस रेलखंड पर तुलसीटांड एवं लहावन अपराधियों के लिए सेफ जोन बन गया है. यहां भी अपराधियों ने कई एक्सप्रेस ट्रेनों को अपना निशाना बनाया है. अपराधी निर्भिक होकर अपराध की घटना को अंजाम देते हैं. विगत दो साल से इस रेलखंड पर दौड़ने वाली कई ट्रेनों में सुरक्षा व्यवस्था की गई है. उग्रवाद प्रभावित क्षेत्र रहने के कारण रेल प्रशासन इस ओर कोई ठोस कदम नहीं उठा पा रही है. इसी का फायदा अपराधी उठा रहे हैं. तुलसीटांड एवं लहावन स्टेशन के पास पंजाब मेल एक्सप्रेस से लेकर पाटलीपुत्रा एक्सप्रेस तक को अपराधियों ने लूटा है.
कब-कब घटी घटनाएं
– वर्ष 2005 में अपराधियों ने दादपुर हाल्ट केबिन मास्टर केशो यादव की नृशंस हत्या कर दी थी
-11 अक्टूबर 2009 को तुलसीटाड़ हाल्ट के पास जनता एक्सप्रेस में लूटपाट एवं एक रेलयात्री को जख्मी कर दिया
– 26 दिसंबर 2009 को 13005 अप पंजाब मेल को भी लुटेरों ने निशाना बनाया था. लाहाबन स्टेशन के पास ही लुटेरों ने चेन पुलिंग कर ट्रेन रोका और लूट-पाट की.
– 24 जुलाई 2010 को लहावन के पास पाटलीपुत्रा एक्सप्रेस में लूटपाट
– 2 अगस्त को 2010 को लहावन हाल्ट के पास हावड़ा-अमृतसर में लूटपाट व एक यात्री की गोली मारकर हत्या
– 25 फरवरी 2014 को तुलसीटांड हाल्ट के पास ही चेन पुलिंग कर अमृतसर-हावड़ा पंजाब मेल एक्सप्रेस को एक घंटे तक रोककर लुट-पाट की.
– 24 मार्च 2012 को दादपुर हाल्ट पर खड़ी 3186 डाउन गंगासागर एक्सप्रेस के दर्जनों रेलयात्रियों से हजारों की लूटपाट
– 29 मार्च 2012 को अपराधियों ने दादपुर केबिन मास्टर को बंधक बना तीन घंटा रेल परिचालन बंद रखा.
-16 जुलाई 2014 को बड़हिया के पास 18182 डाउन टाटा-छपरा एक्सप्रेस एवं मौर्य एक्सप्रेस में लूटपाट
– 2014 में ही नक्सलियों ने सौ-एक सौ बीस की संख्या में इंटरसिटी पर हमला कर सुरक्षाकर्मियों से बंदूके लूट ली थी
– 7 अगस्त 2014 को पूर्वांचल एक्सप्रेस के दो एसी बागी में लाखों की लूट एवं एक आरपीएफ एएसआई सहित दो यात्रियों को अपराधियों ने घायल कर दिया
– 13 मार्च 2107 चौरा हॉल्ट के समीप अपराधियों के मंसूबे नाकामयाब होने पर यात्रियों से लूटपाट

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >