एनएच 333 ए पर स्थित सुखनर नदी पर बना है मांगोबंदर पुल
किसी भी वक्त हो सकती है बड़ी घटना
खैरा(जमुई) : सोनो-खैरा मुख्य मार्ग पर अवस्थित नरियाना पुल के धंसने के बाद अब राष्ट्रीय राजमार्ग एनएच 333 ए पर सुखनर नदी पर बने मांगोबंदर पुल में भी दरार आ गयी है. इससे स्थानीय लोगों में हड़कंप मच गया है. लोगों का कहना है कि घटिया निर्माण सामग्री के इस्तेमाल तथा उचित रखरखाव के अभाव के कारण पुल का एक हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है. इससे अब पुल आवागमन के लिए खतरनाक हो गया है.
खैरा सोनो मुख्य मार्ग पर अवस्थित सुखनर नदी पर बने मांगोबंदर पुल के पूर्वी छोर में पुल के एक स्लैब में दरार आ गयी है व उससे सीमेंट झड़कर गिर गया है. इस कारण भारी वाहनों के परिचालन के समय पुल बुरी तरह से कंपन करने लगता है. बताते चलें कि उक्त मार्ग पर बड़ी संख्या में भारी वाहनों का आवागमन होता है. इस कारण अब यह पुल आवागमन के लिए खतरनाक साबित हो सकता है. वहीं संबंधित विभाग के अधिकारी ने अब तक इसकी सुधि तक नहीं ली है.
नरियाना के बाद…
बताते चलें कि उक्त पुल का निर्माण पांच वर्ष पहले ही हुआ है, लेकिन करोड़ों की लागत से बना यह पुल क्षतिग्रस्त हो गया है. लोगों ने आरोप लगाया कि पुल निर्माण के दौरान घटिया सामग्री का इस्तेमाल किया गया है.
बता दें कि विधानसभा चुनाव के समय उक्त मार्ग को राष्ट्रीय राजमार्ग में परिणत किया जा चुका है. इसके बाद से अभी तक सड़क का चौड़ीकरण तथा नये पुलों का निर्माण शुरू नहीं किया गया है. इससे किसी भी वक्त खैरा का संपर्क सोनो से टूट सकता है. विदित हो कि इससे पहले 13 अप्रैल 2017 को भी खैरा-सोनो मुख्य मार्ग पर पड़ने वाले किऊल नदी पर अवस्थित पुल का पूर्वी भाग 11वें पिलर के पास अचानक धंस गया था. इससे पुल के दो रेलिंग को क्षति पहुंची थी. आज तक उक्त पुल पर भारी वाहनों का प्रवेश वर्जित है.
