जमुई : जिले के विभिन्न थानों के थानाध्यक्षों का बड़े पैमाने पर तबादला किया गया है. जिसमें बरहट, गिद्धौर, सिमुलतला, चंद्रमंडीह और चरकापत्थर थाना के थानाध्यक्षों को बदला गया है. जिले के बरहट थाना में अमित कुमार के स्थान पर खैरा थाना में पदस्थापित पुलिस अवर निरीक्षक प्रमोद कुमार को नया थानाध्यक्ष बनाया गया है. गिद्धौर ओपी में ज्योति कुमार के स्थान पर पुलिस केंद्र जमुई के पुलिस अवर निरीक्षक ब्रजेश कुमार को नया थानाध्यक्ष बनाया गया है. सिमुलतला थाना में मजहर मकबूल के स्थान पर प्रभारी जिला अधिसूचना इकाई में कार्यरत पुलिस अवर निरीक्षक प्रजेश कुमार दुबे को नया थानाध्यक्ष बनाया गया है.
चंद्रमंडीह थाना में पदस्थापित अजित कुमार के स्थान पर चरकापत्थर ओपी थानाध्यक्ष दीपक कुमार को नया थानाध्यक्ष बनाया गया है. तथा चरकापत्थर थाना में दीपक कुमार के स्थान पर पुलिस केंद्र जमुई के पुलिस अवर निरीक्षक रंजीत कुमार को नया थानाध्यक्ष बनाया गया है. जिले के अतिसंवेदनशील माने जाने वाले और नक्सल प्रभावित थानों की कमान अब युवाओं के हाथ में सौंप दिया गया है. उक्त पांच थानों में नवपदस्थापित थानाध्यक्ष 2009 बैच के अधिकारी हैं. तथा सबकी कार्यप्रणाली लगभग एक समान मानी जाती है. सिमुलतला थाना में नवपदस्थापित थानाध्यक्ष प्रजेश कुमार दुबे की कार्यप्रणाली अलग मानी जाती है. यह दबंग प्रवृत्ति के थानाध्यक्ष माने जाते हैं. वहीं बरहट थाना में नवपदस्थापित थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार को पहली बार थानाध्यक्ष बनाया गया है. इनको काफी ईमानदार प्रवृत्ति का पुलिस अधिकारी समझा जाता है.
